प्रतिक्रिया | Saturday, July 27, 2024

 

 

देश के अलग-अलग राज्यों में मौसम का मिजाज बदल रहा है। कहीं गर्मी, लू के थपेड़ों ने लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है, वहीं कई राज्यों में आंधी और बारिश ने अलग परेशानी खड़ी कर दी है। इसके अलावा पहाड़ी राज्यों में भी मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है।

इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने गांगेय पश्चिम बंगाल और ओडिशा में बुधवार से 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने और आंधी-तूफान तथा बिजली चमकने के साथ मध्यम वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक आर. के. जेनामणि ने बताया कि ने इस महीने की 10 तारीख तक तटीय आंध्र प्रदेश, यानम, रायलसीमा, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में कहीं-कहीं तेज बारिश होने का भी अनुमान व्यक्त किया है।

बंगाल में बारिश की वजह से तापमान में नरमी
उधर पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता समेत राज्य के अन्य हिस्सों में लगातार हो रही हल्की बारिश की वजह से तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी है। इसकी वजह से राज्यवासियों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि पिछले 24 घंटे के दौरान कोलकाता में 13.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है, जिसकी वजह से न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री नीचे गिरकर 22.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा है। इसी तरह से अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री नीचे 32.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। कोलकाता के अलावा हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, पुरुलिया, बांकुड़ा समेत राज्य के अन्य हिस्सों में भी बारिश हुई है और आज बुधवार को भी हल्की बारिश होगी।

 

मध्य प्रदेश के 9 जिलों में लू का अलर्ट
मध्य प्रदेश में भोपाल समेत प्रदेश के कई जिलों में तेज गर्मी का सितम जारी है। दिनभर धूप की तपिश के कारण लोगों का घर से बाहर निकाोला मुश्किल हो गया है। हालांकि दिन और रात दोनों ही गर्म है।मौसम विभाग ने अगले 4 दिन तक ऐसा ही मौसम बने रहने का अनुमान जताया है। बुधवार को ग्वालियर, खंडवा-खरगोन समेत 9 जिलों में लू यानी, गर्म हवा चलने का अलर्ट जारी किया गया है।

 

झारखंड में आठ से 11 मई तक कई शहरों में बारिश का अलर्ट
झारखंड में भी मंगलवार की शाम मौसम ने करवट ली। शाम होते ही राज्यवासियों को तपती गर्मी से थोड़ी राहत मिली। राजधानी रांची, रामगढ़ और गुमला समेत कुछ जिलों में तेज हवाओं के साथ छिटपुट बारिश हुई। कुछ जिलों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। इससे लोगों को गर्मी की तपिश से राहत मिली। रांची में बूंदा-बांदी से मौसम सुहाना हो गया। राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक पहुंच गया था।
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि आठ और नौ मई को राज्य में कई स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। कई जगहों पर 10 और 11 को भी हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश देखने को मिलेगी। इस दौरान गरज के साथ वज्रपात की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। रांची, पश्चिमी सिंहभूम, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, दुमका और देवघर में ओलावृष्टि हो सकती है। तेज हवाएं (40-50 किलोमीटर प्रति घंटे) भी चल सकती हैं। मौसम विभाग ने इसे लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

 

यूपी के कई इलाकों में बादलों की आवाजाही आसमान में बनी रहेगी
बात करें उत्तर प्रदेश की तो, बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं से एक बार फिर उत्तर प्रदेश के मौसम का मिजाज बदलने वाला है। आगामी दो दिन स्थानीय स्तर पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इन कारणों से उमस भरी गर्मी में इजाफा होगा, तो वहीं आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। मौसम वैज्ञानिक ने पूर्वोत्तर बिहार और आसपास के इलाकों पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।
उन्होंने बताया कि नौ मई से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र के पास पहुंच सकता है। मौसम की इन गतिविधियों से आगामी दो दिन उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश की संभावना है। बादलों की आवाजाही आसमान में बनी रहेगी, दिन के तापमान कुछ कम हो सकते हैं लेकिन रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी। इन सबके बावजूद गर्मी से कुछ खास राहत नहीं मिलेगी। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने के कारण 11 और 12 मई को स्थानीय स्तर पर गरज-चमक, धूल भरी आंधी और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान हवाओं की गति सामान्य से अधिक रहने के आसार हैं।

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 5534165
आखरी अपडेट: 27th Jul 2024