एनसीआर के मौसम ने बदली करवट: गरज-चमक, आंधी और बारिश को लेकर चेतावनी जारी

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। पिछली रात हुई तेज हवाओं और बारिश ने सुबह के तापमान में गिरावट ला दी है, जिससे उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों को लेकर अलर्ट जारी किया है। 11 जून को ऑरेंज अलर्ट और 12 जून को येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, 11 जून को शाम और रात के समय हल्की बारिश के साथ गरज-चमक के साथ तूफान आएगा। इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। वहीं, 12 जून को दोपहर और शाम को भी इसी तरह की स्थिति बनी रहेगी, जिससे लोगों को लू से राहत मिलने की उम्मीद है। इस पूरे सप्ताह अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान है।

मौसम विभाग द्वारा जारी 7-दिनों के पूर्वानुमान के अनुसार, 10 जून को अधिकतम तापमान 44 और न्यूनतम 30 डिग्री रहेगा। आंशिक बादल छाए रहे और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना थी। 11 जून को अधिकतम 42 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री तापमान रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक तेज हवाओं के साथ बारिश भी होगी।

12 जून को अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री रहेगा और मौसम विभाग के मुताबिक तूफान के साथ बारिश जारी रहेगी। वहीं, 13 जून को अधिकतम 36 और न्यूनतम 25 डिग्री रहेगा। 14 जून को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रहेगा।

15 जून को अधिकतम तापमान 38 और न्यूनतम 26 डिग्री रहेगा। मौसम विभाग ने सलाह दी है कि 11-12 जून को तेज हवाओं और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। (इनपुट-आईएएनएस)