पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में बुधवार को 142 सीटों पर मतदान हो रहा है और मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। निर्वाचन आयोग के अनुसार शाम तक दूसरे चरण में लगभग 78.68 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
दोपहर 1 बजे तक पहले छह घंटों में 61.11 प्रतिशत मतदान
इससे पहले दोपहर 1 बजे तक पहले छह घंटों में 61.11 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया था। यह आंकड़ा 23 अप्रैल को पहले चरण की 152 सीटों पर पहले छह घंटों में दर्ज 62.18 प्रतिशत मतदान से थोड़ा कम रहा। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ मतदान में तेजी आई और शाम तीन बजे तक वोटिंग प्रतिशत बढ़कर 78.68 फीसदी पहुंच गया।
पूर्व बर्धमान जिले में सबसे अधिक 66.80 प्रतिशत मतदान दर्ज
दोपहर 1 बजे तक पूर्व बर्धमान जिले में सबसे अधिक 66.80 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद हुगली में 64.57 प्रतिशत, नदिया में 61.41 प्रतिशत, हावड़ा में 60.68 प्रतिशत, कोलकाता उत्तर में 60.18 प्रतिशत, उत्तर 24 परगना में 59.20 प्रतिशत, दक्षिण 24 परगना में 58.58 प्रतिशत और कोलकाता दक्षिण में 57.73 प्रतिशत मतदान हुआ।
सुबह 7 बजे वोटिंग शुरू हुई
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण में 142 सीटों के लिए मतदान हो रहा है। सुबह 7 बजे वोटिंग शुरू हुई थी। इस चरण में 3.12 करोड़ से अधिक मतदाता 1,448 उम्मीदवारों की किस्मत तय करेंगे। विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण में मतदान को लेकर मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। मतदान प्रक्रिया जारी है और मतदाता बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। (इनपुट-एजेंसी)


