Print

टी20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज की लगातार दूसरी जीत, इंग्लैंड को 30 रन से हराया

वेस्टइंडीज ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में लगातार दूसरी जीत दर्ज की है। इस टीम ने बुधवार को वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के विरुद्ध 30 रन से जीत दर्ज की। इसी के साथ कैरेबियन टीम ग्रुप-सी की प्वाइंट्स टेबल में +1.625 नेट रन रेट के साथ शीर्ष पर है।

टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने 6 विकेट के नुकसान पर 196 रन बनाए। इस टीम ने 8 के स्कोर तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट खो दिए थे। यहां से शिमरोन हेटमायर ने रोस्टन चेज के साथ तीसरे विकेट के लिए 28 गेंदों में 47 रन जुटाकर टीम को संभाला। हेटमायर 12 गेंदों में 23 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

शेरफन रदरफोर्ड ने रोवमैन पॉवेल (14) के साथ पांचवें विकेट के लिए 29 गेंदों में 51 रन की साझेदारी की। इसके बाद जेसन होल्डर के साथ छठे विकेट के लिए 32 गेंदों में 61 रन जोड़े। होल्डर 17 गेंदों में 5 बाउंड्री के साथ 33 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रदरफोर्ड ने 7 छक्कों और 2 चौकों के साथ नाबाद 76 रन बनाए। विपक्षी खेमे से जेमी ओवरटन और आदिल रशीद ने 2-2 विकेट निकाले। एक-एक सफलता जोफ्रा आर्चर और सैम करने के हाथ लगी।

इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 19 ओवरों में 166 रन पर सिमट गई। सलामी जोड़ी के रूप में फिल सॉल्ट ने जोस बटलर के साथ 3.2 ओवरों में 38 रन की साझेदारी की। सॉल्ट 14 गेंदों में 6 बाउंड्री के साथ 30 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद बटलर ने जैकब बेथेल के साथ 20 गेंदों में 36 रन जोड़े। बटलर 21 रन बनाकर आउट हुए, जबकि जैकब ने 33 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।

इंग्लैंड की टीम 90 के स्कोर तक 4 विकेट खो चुकी थी, जिसके बाद सैम करन ने हैरी ब्रूक के साथ 26 गेंदों में 41 रन जुटाए, लेकिन इस साझेदारी के टूटते ही इंग्लैंड निरंतर अंतराल पर अपने विकेट गंवाती रही। ब्रूक 17 रन बनाकर आउट हुए, जबकि सैम करन ने 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ नाबाद 43 रन जुटाए।

विपक्षी खेमे से गुडाकेश मोती ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि रोस्टन चेज ने 2 विकेट निकाले। एक-एक विकेट अकील हुसैन, रोमारियो शेफर्ड और शमार जोसेफ ने निकाला।

(इनपुट-आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

15 mins ago | Assam Culture and Bihu Festival

भूपेन दा के गीतों में बसती है एक युग की चेतना, नाराज फूफाओं को भी सुनने चाहिए उनके गीत : पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाषा, खान-पान, परिवेश और जीवन शैली अलग-अलग हो सकती है, लेकिन विकसित भारत के...

49 mins ago | Bhupen Hazarika 100th Birth Anniversary

नाराज फूफाओं को भूपेन दा के गीत सुनने चाहिए, सद्बुद्धि आएगी : पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका के जन्म शताब्दी समारोह के समाप...