Print

WhatsApp ने शुरू की यूजरनेम रिजर्वेशन सुविधा, अब नंबर साझा किए बिना कर सकेंगे चैट

मेटा के स्वामित्व वाले मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp ने सोमवार को वैश्विक स्तर पर यूजरनेम रिजर्वेशन (Username Reservation) सुविधा की शुरुआत की। यह नया फीचर उपयोगकर्ताओं की गोपनीयता को मजबूत करने के उद्देश्य से लाया गया है, जिससे वे अपना मोबाइल नंबर साझा किए बिना दूसरों से जुड़ सकेंगे।

कंपनी के अनुसार, सोमवार से चरणबद्ध तरीके से यूजरनेम रिजर्वेशन की सुविधा शुरू की जा रही है। इससे उपयोगकर्ता ऐप में फीचर पूरी तरह उपलब्ध होने से पहले ही अपना पसंदीदा यूजरनेम सुरक्षित (रिजर्व) कर सकेंगे। यह सुविधा इस वर्ष के अंत तक सभी यूजर्स के लिए ऐप में उपलब्ध करा दी जाएगी।

WhatsApp ने बताया कि जैसे ही किसी उपयोगकर्ता के लिए यह सुविधा उपलब्ध होगी, उसे ऐप के माध्यम से इसकी सूचना दी जाएगी।

मोबाइल नंबर की जगह यूजरनेम से होगी पहचान

WhatsApp के मुताबिक, यूजरनेम की मदद से लोग बिना अपना मोबाइल नंबर बताए एक-दूसरे से संपर्क कर सकेंगे। उपयोगकर्ता अपनी पसंद का कोई भी यूनिक यूजरनेम चुन सकते हैं और यह जरूरी नहीं होगा कि वह अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस्तेमाल किए जा रहे हैंडल जैसा ही हो।

कंपनी ने स्पष्ट किया कि यह सोशल मीडिया हैंडल की तरह नहीं होगा, बल्कि पूरी तरह गोपनीयता पर आधारित फीचर है। इसमें न तो कोई सार्वजनिक डायरेक्टरी होगी और न ही यूजरनेम खोजने के लिए कोई सुझाव (Suggestions) दिए जाएंगे। किसी व्यक्ति से संपर्क करने के लिए उसका सटीक यूजरनेम पता होना आवश्यक होगा।

अतिरिक्त सुरक्षा के लिए मिलेगा ‘यूजरनेम की’

WhatsApp ने सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए ‘यूजरनेम की’ (Username Key) नाम का नया विकल्प भी पेश किया है। यदि कोई व्यक्ति पहली बार केवल यूजरनेम के माध्यम से संपर्क करना चाहता है, तो उसे पहले यह विशेष ‘की’ दर्ज करनी होगी। इससे अनचाहे संदेशों से सुरक्षा मिलेगी।

उपयोगकर्ता अपनी सुविधा के अनुसार इस ‘यूजरनेम की’ को कभी भी बदल सकेंगे।

गोपनीयता होगी और मजबूत

कंपनी का कहना है कि इस फीचर का उद्देश्य उपयोगकर्ताओं की व्यक्तिगत जानकारी, विशेष रूप से मोबाइल नंबर, को अधिक सुरक्षित रखना है। अब लोग अपने फोन नंबर की बजाय केवल अपना यूजरनेम साझा कर दूसरों से बातचीत शुरू कर सकेंगे।

इस बीच, मेटा ने हाल ही में यह भी घोषणा की है कि फिनटेक कंपनी CRED के संस्थापक कुणाल शाह WhatsApp के अगले वैश्विक मुख्य कार्यकारी अधिकारी (Global CEO) के रूप में जुड़ेंगे। साथ ही मेटा ने CRED में लगभग 900 मिलियन डॉलर (करीब 8,550 करोड़ रुपये) के निवेश की भी घोषणा की है।

-(इनपुटःएजेंसी)

RELATED ARTICLES

03/09/26 | 11:34 am | 000 Crore Business

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर देशभर में 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार होने की उम्मीद

देशभर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियां जोरों पर है। बड़े पैमाने पर लोग खरीदारी कर रहे हैं...

03/09/26 | 10:52 am | AI Data Centers

एआई डेटा सेंटरों का विरोध करने वाले गंवा देंगे बड़ा आर्थिक अवसर : हॉवर्ड लटनिक

अमेरिका के वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लटनिक ने कहा क‍ि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) डेटा सेंटरों को...

02/09/26 | 4:50 pm | Bangladesh Parliament Speaker

बांग्लादेश में भारतीय उच्चायुक्त की संसद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष से अहम मुलाकात

बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने बुधवार को जातीय संसद के अध्यक्ष मेजर (रिटा...