Print

WHO रिपोर्ट: यूरोप के 74% देशों में AI डायग्नोस्टिक्स का इस्तेमाल

यूरोपियन यूनियन (EU) के स्वास्थ्य क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन की एक नई रिपोर्ट के अनुसार, सभी 27 सदस्य देशों ने बेहतर मरीज देखभाल को AI अपनाने का प्रमुख कारण बताया है, और अधिकांश देशों में AI टूल्स का इस्तेमाल क्लिनिकल सेटिंग्स में शुरू हो चुका है।

यह रिपोर्ट EU पर केंद्रित अपनी तरह की पहली व्यापक समीक्षा है, जिसे जून 2024 से मार्च 2025 के बीच जुटाए गए आंकड़ों के आधार पर तैयार किया गया है, और इसमें यूरोपीय आयोग के सहयोग से अध्ययन किया गया।

रिपोर्ट के मुताबिक, EU के 74 प्रतिशत देशों में AI आधारित डायग्नोस्टिक्स का इस्तेमाल हो रहा है, जिसमें मेडिकल इमेजिंग, बीमारी की पहचान और क्लिनिकल निर्णय लेने वाले टूल शामिल हैं। वहीं, 63 प्रतिशत देश मरीजों से संवाद और सहायता के लिए चैटबॉट्स का उपयोग कर रहे हैं।

करीब आधे सदस्य देशों ने स्वास्थ्य क्षेत्र में AI और डेटा साइंस के लिए विशेष पेशेवर पद भी सृजित किए हैं, जबकि कई देश AI प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने या उन्हें विस्तार देने की योजना बना रहे हैं।

WHO Regional Office for Europe के अनुसार, जैसे-जैसे AI का उपयोग बढ़ रहा है, वैसे-वैसे स्वास्थ्यकर्मियों को इसके लिए तैयार करना भी अहम होता जा रहा है। कई देश मेडिकल शिक्षा और प्रशिक्षण में AI से जुड़ी समझ को शामिल कर रहे हैं, ताकि स्वास्थ्यकर्मी तकनीक का सही और जिम्मेदार उपयोग कर सकें।

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि AI से जुड़े निर्णयों में पारदर्शिता और भरोसा बढ़ाने के लिए जनता और अन्य हितधारकों की भागीदारी जरूरी है। EU के 81 प्रतिशत देश पहले से ही AI गवर्नेंस में विभिन्न हितधारकों को शामिल कर रहे हैं।

रिपोर्ट ने सरकारों को तीन प्रमुख क्षेत्रों पर ध्यान देने की सलाह दी है—AI शिक्षा और प्रशिक्षण के जरिए कार्यबल को मजबूत करना, नीति निर्माण में डॉक्टरों, मरीजों और आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित करना, और सुरक्षित व समान उपयोग के लिए उत्कृष्टता केंद्र (centres of excellence) स्थापित करना।

विशेषज्ञों का मानना है कि इन कदमों से स्वास्थ्य सेवाओं में AI का प्रभावी और सुरक्षित इस्तेमाल सुनिश्चित किया जा सकेगा, जिससे मरीजों को बेहतर और तेज उपचार मिल सकेगा।

(इनपुट-आईएएनएस)