थोक मूल्य सूचकांक (डब्ल्यूपीआई) पर आधारित महंगाई दर फरवरी में बढ़कर 2.13 प्रतिशत हो गई है। इसके बढ़ने की वजह खाद्य और गैर-खाद्य उत्पादों की कीमतों में इजाफा होना है। यह जानकारी सरकार की ओर से सोमवार को दी गई।

फरवरी 2026 में महंगाई के सकारात्मक रहने की वजह 

थोक महंगाई दर जनवरी में 1.81 प्रतिशत और पिछले साल समान अवधि में यह आंकड़ा 2.45 प्रतिशत था।वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय की ओर से जारी किए गए बयान में कहा गया, “फरवरी 2026 में महंगाई के सकारात्मक रहने की वजह मैन्युफैक्चरिंग, मैन्युफैक्चर ऑफ बेसिक मेटल, गैर-खाद्य उत्पादों, खाद्य उत्पादों और टेक्सटाइल की कीमतों में वृद्धि होना है।”

फरवरी में खाद्य उत्पादों में थोक महंगाई दर 2.19 प्रतिशत रही 

आंकड़ों के मुताबिक, फरवरी में खाद्य उत्पादों में थोक महंगाई दर 2.19 प्रतिशत रही है, जो कि पिछले महीने 1.55 प्रतिशत थी। सब्जियों में थोक महंगाई दर फरवरी में कम होकर 4.73 प्रतिशत रह गई है, जो कि जनवरी में 6.78 प्रतिशत थी। 

गैर-खाद्य पदार्थों की श्रेणी में महंगाई दर 

हालांकि, दालों, आलू, अंडे, मांस और मछली की थोक महंगाई दर में फरवरी में पिछले महीने की तुलना में वृद्धि देखी गई। मैन्युफैक्चरिंग उत्पादों में फरवरी में थोक महंगाई दर पिछले महीने के 2.86 प्रतिशत से बढ़कर 2.92 प्रतिशत हो गई। गैर-खाद्य पदार्थों की श्रेणी में महंगाई दर जनवरी के 7.58 प्रतिशत से बढ़कर फरवरी में 8.80 प्रतिशत हो गई।

फ्यूल और पावर बास्केट में थोक महंगाई सालाना आधार नकारात्मक

फ्यूल और पावर बास्केट में थोक महंगाई सालाना आधार नकारात्मक बनी हुई है। फरवरी में यह -3.78 प्रतिशत थी, जो कि जनवरी में -4.01 प्रतिशत थी। बीते शुक्रवार को सरकार द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, भारत में खुदरा महंगाई दर फरवरी में 3.21 प्रतिशत रही है, जो कि जनवरी की महंगाई दर 2.74 प्रतिशत से 0.47 प्रतिशत अधिक है। 

ग्रामीण इलाकों में खुदरा महंगाई दर 3.37 प्रतिशत

सरकार की ओर से जारी किए गए डेटा के मुताबिक, फरवरी में ग्रामीण इलाकों में खुदरा महंगाई दर 3.37 प्रतिशत रही है, जो कि जनवरी में 2.73 प्रतिशत थी। वहीं, शहरी इलाकों में फरवरी में खुदरा महंगाई दर 3.02 प्रतिशत रही है, जो कि शहरी इलाकों में 2.75 प्रतिशत थी। खाद्य महंगाई दर फरवरी में 3.47 प्रतिशत रही है। इस दौरान ग्रामीण इलाकों में खाद्य महंगाई दर 3.46 प्रतिशत और शहरी इलाकों में 3.48 प्रतिशत रही है। (इनपुट-एजेंसी)

RELATED ARTICLES

2 hours ago | 24x7 Uninterrupted Power Supply in India

केंद्र ने 24 घंटे बिजली आपूर्ति के लिए राज्यों को ऊर्जा भंडारण क्षमता बढ़ाने की दी सलाह

केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मिशन मोड में ऊर्जा भंडारण क्षमता स्थाप...

3 hours ago | 49.6 Crore People Lifted Out of Poverty in India

12 वर्षों में 49.6 करोड़ लोग गरीबी से बाहर, जानिए कैसे बदली भारत की तस्वीर

भारत में 2011 से 2023 के बीच अनुमानित 49.6 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए। इस दौरान निम्न-मध्यम आय वाले देशों ...