Print

महिला एआई स्टार्टअप्स को मिलेगा विशेष सहयोग, नीति आयोग की पहल

नई दिल्ली में आयोजित ‘एआई इंपैक्ट समिट 2026’ को लेकर नीति आयोग की कार्यक्रम निदेशक और महिला उद्यमिता मंच (WEP) की मिशन निदेशक अन्ना रॉय ने कहा कि यह सम्मेलन भारत को वैश्विक स्तर पर अग्रणी एआई देश के रूप में स्थापित करने का माध्यम बनना चाहिए।

उन्होंने बताया कि इस समिट के दौरान 150 चयनित महिला-नेतृत्व वाले एआई स्टार्टअप्स के लिए विशेष क्षमता निर्माण कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। इसमें संरचित मेंटरशिप और नेटवर्किंग सहायता दी जाएगी। उनका कहना था कि उद्यमिता की सफलता के लिए केवल विचार नहीं, बल्कि मजबूत सहयोग तंत्र भी जरूरी है।

रॉय ने जानकारी दी कि ‘एआई बाय हर ग्लोबल इंपैक्ट चैलेंज’ के तहत 800 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। पहले आंतरिक समीक्षा की गई और फिर 63 वर्चुअल पैनल आयोजित किए गए। मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और गुमनाम रही, जिसमें स्वतंत्र एजेंसी द्वारा ऑनलाइन अंकन किया गया।

‘एक्सेस टू एक्सेलेरेशन: हाउ डब्ल्यूईपी सपोर्ट्स वुमन फाउंडर्स’ सत्र में रॉय ने बताया कि महिला उद्यमिता मंच का लक्ष्य महिलाओं को प्रेरणा से लेकर उनके व्यवसाय के विस्तार तक हर स्तर पर समर्थन देना है। उन्होंने कहा कि सशक्तिकरण का अर्थ है सही समय पर सही जानकारी और संसाधन उपलब्ध कराना।

इस अवसर पर शीर्ष 10 विजेताओं की भी घोषणा की गई, जिनमें एबल क्रेडिट, एएसओ एआई, पावर लाइफलाइन, वेरीफाई टेक्नोलॉजीज, प्रोजेक्ट ड्राइव्स, प्रोसिगो लैंग्वेज, वीडियोज एचआर, दैट क्रिएटिंग, वाटर अल्ट्रा एआर और जिको एआर शामिल हैं।

नीति आयोग की विशिष्ट फेलो देबजानी घोष ने भी समिट को भारत के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन वैश्विक स्तर पर एआई के सकारात्मक प्रभाव को बढ़ाने की दिशा में भारत की भूमिका को मजबूत करेगा।

‘एआई बाय हर ग्लोबल इंपैक्ट चैलेंज’ कार्यक्रम के दौरान महिला नवाचारकों, शोधकर्ताओं, नीति निर्माताओं और स्टार्टअप संस्थापकों ने जिम्मेदार और समावेशी एआई पर चर्चा की।

कुल मिलाकर, एआई इंपैक्ट समिट 2026 भारत के लिए वैश्विक एआई परिदृश्य में अपनी नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच बनकर उभरा है।

-(इनपुटःएजेंसी)