स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के विद्यालय इस बार राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी के प्रमुख केंद्र बनेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ और 15 अगस्त तक चलने वाले ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को विद्यालयों के माध्यम से जनआंदोलन का स्वरूप देने की व्यापक तैयारी की है। इसके तहत विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी से राष्ट्रभक्ति, संविधान के प्रति सम्मान और तिरंगे के गौरव का संदेश घर-घर पहुंचाया जाएगा।
विद्यालयों के लिए जारी की गई विस्तृत कार्ययोजना
बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग ने अभियान को लेकर विस्तृत कार्ययोजना जारी की है। अपर मुख्य सचिव, बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा के निर्देशों के अनुसार प्रदेशभर के विद्यालयों में निर्धारित कार्यक्रमों का समयबद्ध आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक गतिविधि में विद्यार्थियों की अधिकतम भागीदारी, सामुदायिक सहयोग और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को प्राथमिकता दी जाएगी।
14 अगस्त को मनाया जाएगा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस
प्रदेश के सभी विद्यालयों में 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ मनाया जाएगा। इस दौरान विद्यार्थियों को भारत विभाजन की ऐतिहासिक परिस्थितियों, उसके मानवीय प्रभाव और राष्ट्रीय एकता के महत्व से परिचित कराया जाएगा। विद्यालयों में विशेष व्याख्यान, परिचर्चा, प्रदर्शनी और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि नई पीढ़ी इतिहास से सीख लेकर राष्ट्रीय अखंडता, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति संवेदनशील बन सके।
घर-घर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित होंगे विद्यार्थी
15 अगस्त तक चलने वाले ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। विद्यालय अभियान के प्रचार-प्रसार के प्रमुख केंद्र बनेंगे और स्थानीय समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करेंगे, ताकि तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रगौरव का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे।
निबंध से तिरंगा यात्रा तक होंगे विविध कार्यक्रम
अभियान के दौरान विद्यालयों में निबंध, चित्रकला, भाषण, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रभात फेरी और तिरंगा यात्रा समेत विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के जरिए विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
राष्ट्रीय ध्वज संहिता और मूल कर्तव्यों की दी जाएगी जानकारी
विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज संहिता, संविधान में निहित मूल कर्तव्यों और राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भूमिका से भी परिचित कराया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में देश के प्रति उत्तरदायित्व और गौरव की भावना को मजबूत करना है। अभियान से जुड़ी गतिविधियों का डिजिटल और सोशल मीडिया माध्यमों से भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
फोटो-वीडियो साझा करने के निर्देश
विद्यालयों को अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रमों के फोटो और वीडियो निर्धारित माध्यमों पर साझा करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यार्थियों और अभिभावकों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के आधिकारिक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय सहभागिता के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। इस तरह विद्यालय स्तर पर होने वाली गतिविधियों को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने की योजना है।
संदीप सिंह बोले- विद्यालय बनेंगे अभियान के सबसे बड़े केंद्र
बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और संविधान के प्रति सम्मान के संस्कार विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के विद्यालय इस अभियान के सबसे बड़े केंद्र बनेंगे। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक विद्यार्थी तिरंगे के सम्मान, स्वतंत्रता संग्राम के आदर्शों और विकसित भारत के संकल्प से जुड़े। विद्यालयों से उठने वाला राष्ट्रगौरव का संदेश प्रत्येक घर तक पहुंचे और जनभागीदारी के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस सच्चे राष्ट्रीय उत्सव का स्वरूप ग्रहण करे। (इनपुट: आईएएनएस)


