उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में मंगलवार को एक व्यक्ति पेट्रोल पंप के पास अचानक गहरी खाई में गिर गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाला।
घायल व्यक्ति की पहचान सुखदेव सिंह भंडारी के रूप में हुई है। वह अवतार सिंह भंडारी के पुत्र हैं और पाबो, पौड़ी गढ़वाल के निवासी बताए गए हैं। रेस्क्यू के बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मंगलवार सुबह एसडीआरएफ कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि रुद्रप्रयाग पेट्रोल पंप के पास एक व्यक्ति गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही सहायक उप निरीक्षक हरीश बंगारी के नेतृत्व में राटूड़ा पोस्ट से एसडीआरएफ टीम जरूरी बचाव उपकरणों के साथ रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने पर टीम ने पाया कि व्यक्ति करीब 30 मीटर गहरी खाई में गिरा हुआ था और उसे चोटें आई थीं। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद एसडीआरएफ जवान खाई में उतरे, घायल तक पहुंचे और सावधानीपूर्वक उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू के तुरंत बाद युवक को प्राथमिक उपचार दिया गया और फिर जिला पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने घायल को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
इससे पहले 14 जून को भी रुद्रप्रयाग जिले के देवरियाताल-बनियाकुंड ट्रैकिंग रूट पर रास्ता भटक गए पांच पर्यटकों को जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सुरक्षित बचाया था।
गौरतलब है कि रुद्रप्रयाग उत्तराखंड का एक धार्मिक और ऐतिहासिक नगर है, जो अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों के संगम पर स्थित है। यह पंच प्रयागों में से एक है और केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख पड़ाव माना जाता है।
(इनपुट- आईएएनएस)


