भारतीय अर्थव्यवस्था का शानदार प्रदर्शन जारी है। यही वजह है कि मौजूदा समय में वैश्विक स्तर पर जारी संकट के बावजूद दुनियाभर के अर्थशास्त्रियों और रेटिंग एजेंसियों का रुख भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर आशाजनक बना हुआ है। इसी क्रम में रेटिंग एजेंसी 'क्रिसिल' ने अनुमान जताते हुए कहा है कि अगले वित्त वर्ष में भारत की विकास दर 6.8 % रह सकती है।
देश की अर्थव्यवस्था दोगुना होकर 7 ट्रिलियन डॉलर की हो जाएगी
यही नहीं, क्रिसिल ने उम्मीद जताते हुए यह भी कहा है कि वर्ष 2021 तक भारत उच्च मध्यम आय वाला देश बन जाएगा और देश की अर्थव्यवस्था भी दोगुना होकर 7 ट्रिलियन डॉलर की हो जाएगी।
2031 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की संभावना
क्रिसिल ने अपनी इंडिया आउटलुक रिपोर्ट में कहा है कि घरेलू संरचनात्मक सुधारों और चक्रीय स्थितियों के चलते भारतीय अर्थव्यवस्था की 2031 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की संभावना बरकरार है। साथ ही इसमें और सुधार देखने को मिल सकता है।
देश की प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 4,500 यूएस डॉलर हो जाएगी
क्रिसिल ने वित्त वर्ष 2030-2031 तक भारतीय अर्थव्यवस्था का आकार 6.7 लाख करोड़ डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद जताते हुए कहा है कि उस समय देश की प्रति व्यक्ति आय भी बढ़कर 4,500 अमेरिकी डॉलर तक पहुंच जाएगी और भारत उच्च-मध्यम आय वाले देशों के समूह में शामिल हो जाएगा।


