09/01/24 | 10:09 pm

Print

ऑस्ट्रेलिया ने निर्णायक टी20 मुकाबले में भारत को हराया, सीरीज पर किया कब्जा

भारत और ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम के बीच मंगलवार को तीन टी20 मैचों की सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला गया। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एलिसा हीली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 147 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 18.4 ओवर में तीन विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान एलिसा हीली ने 55 रन बनाए। वहीं, बेथ मूनी 52 रन बनाकर नाबाद रहीं। इसी के साथ ऑस्ट्रेलियाई टीम ने टी20 सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। 

पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया की शुरुआत ठीक रही थी। शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने पहले विकेट के लिए 39 रन की साझेदारी निभाई। शेफाली 17 गेंद में छह चौके की मदद से 26 रन बनाकर आउट हुईं। वहीं, जेमिमा रॉड्रिग्स दो रन और कप्तान हरमनप्रीत कौर सिर्फ तीन रन बनाकर पवेलियन चलती बनीं। स्मृति मंधाना 28 गेंद में दो चौके और एक छक्के की मदद से 29 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। इसके बाद दीप्ति शर्मा ने ऋचा घोष के साथ मिलकर 33 रन की साझेदारी निभाई। दीप्ति 14 रन और ऋचा 28 गेंद में दो चौके और तीन छक्के की मदद से 34 रन बनाकर आउट हुईं। अमनजोत कौर 17 रन और पूजा वस्त्राकर सात रन बनाकर नाबाद रहीं। ऑस्ट्रेलिया की ओर से एनाबेल सदरलैंड और वेयरहैम ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, मेगन शुट्ट और गार्डनर को एक-एक विकेट मिला।

148 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया को कप्तान एलिसा हीली और बेथ मूनी ने बेहतरीन शुरुआत दिलाई। दोनों ने 60 गेंद में 85 रन की साझेदारी की। हीली 38 गेंद में नौ चौके और एक छक्के की मदद से 55 रन बनाकर आउट हुईं। उन्हें दीप्ति शर्मा ने एल्बीडब्ल्यू आउट किया। इसके बाद ताहिला मैक्ग्रा 15 गेंद में चार चौके की मदद से 20 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। एलिस पेरी बिना खाता खोले पूजा वस्त्राकर का शिकार बनीं। इसके बाद मूनी ने फीबी लीचफील्ड के साथ मिलकर अपनी टीम को जीत दिलाई। मूनी ने 45 गेंद में पांच चौके की मदद से नाबाद 52 रन बनाए। वहीं, फीबी 13 गेंद में तीन चौकी की मदद से 17 रन बनाकर नाबाद रहीं। भारत के लिए पूजा ने दो विकेट लिए, जबकि दीप्ति को एक विकेट मिला।

RELATED ARTICLES

23 mins ago

Asian Para Games: पीएम मोदी ने एशियन पैरा गेम्स के पदक विजेताओं को सराहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को 'एशियन पैरा गेम्स 2026' में पदक जीतने वाले भारतीय एथलीट्स ...

6 hours ago

Asian Para Games: महिलाओं की 400 मीटर टी47 स्पर्धा में गोल्ड के साथ सिल्वर, टी12 में तेजलबेन का ब्रॉन्ज

भारत ने एशियन गेम्स 2026 में गुरुवार को महिलाओं की 400 मीटर टी47 स्पर्धा में दो मेडल हासिल किए। अंजाना...