03/01/24 | 8:52 pm

Print

भारत 153 रन पर ऑल आउट, बिना कोई रन बनाए गंवाए आखिरी छह विकेट

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच केप टाउन के न्‍यूलैंड्स स्‍टेडियम में बुधवार से दूसरा टेस्‍ट मैच खेला जा रहा है। भारत की पहली पारी 153 रन पर सिमट गई है। भारत ने आखिरी छह विकेट बिना कोई रन बनाए खो दिए। 

एक समय भारत का स्कोर 153/4 था। विराट कोहली और केएल राहुल बल्लेबाजी कर रहे थे। राहुल के आउट होने के बाद टीम इंडिया आगे कोई रन नहीं बना पाई। भारत के सिर्फ तीन बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा छू पाए।

कप्तान रोहित ने 39 रन की पारी खेली। शुभमन गिल ने 36 रन का योगदान दिया और विराट कोहली ने सबसे ज्यादा 46 रन बनाए। इन तीनों के अलावा सिर्फ लोकेश राहुल ही अपना खाता खोल सके। उन्होंने आठ रन बनाए। यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर, रवींद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और मुकेश कुमार अपना खाता नहीं खोल पाए। हालांकि, मुकेश ने किसी गेंद का सामना नहीं किया।

इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका पहली पारी में महज 55 रन पर ऑलआउट हो गई। उनके 9 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। 

मोहम्मद सिराज के आगे कोई भी अफ्रीकी बल्लेबाज नहीं चला। सिराज ने 9 ओवर में केवल 15 रन देकर 6 विकेट चटकाए। इसके अलावा जसप्रीत बुमराह और मुकेश कुमार ने भी 2-2 विकेट लिए।

यह मैच जीतकर रोहित शर्मा के नेतृत्‍व वाली भारतीय टीम सीरीज 1-1 से बराबर करना चाहेगी। भारतीय टीम को सेंचुरियन में खेले गए पहले टेस्‍ट में एक पारी और 32 रन से हार का सामना करना पड़ा था।

भारत की प्‍लेइंग 11  
रोहित शर्मा (कप्‍तान), यशस्‍वी जायसवाल, शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, रवींद्र जडेजा, मुकेश कुमार, जसप्रीत बुमराह, मोहम्‍मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्‍णा।

दक्षिण अफ्रीका की प्‍लेइंग 11  
डीन एल्‍गर (कप्‍तान), एडेन मार्करम, टोनी डी जॉर्जी, ट्रिस्‍टन स्‍टब्‍स, डेविड बेडिंघम, काइल वेरेनी, मार्को यानसेन, केशव महाराज, कगिसो रबाडा, नांद्रे बर्गर और लुंगी एनगिडी।

RELATED ARTICLES

22 mins ago

Asian Para Games: पीएम मोदी ने एशियन पैरा गेम्स के पदक विजेताओं को सराहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को 'एशियन पैरा गेम्स 2026' में पदक जीतने वाले भारतीय एथलीट्स ...

6 hours ago

Asian Para Games: महिलाओं की 400 मीटर टी47 स्पर्धा में गोल्ड के साथ सिल्वर, टी12 में तेजलबेन का ब्रॉन्ज

भारत ने एशियन गेम्स 2026 में गुरुवार को महिलाओं की 400 मीटर टी47 स्पर्धा में दो मेडल हासिल किए। अंजाना...