27/12/23 | 3:03 pm

Print

सेंचुरियन टेस्ट: केएल राहुल का शतक, भारत की पहली पारी 245 रन पर सिमटी

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारत की पहली पारी 245 रनों पर सिमट गई। भारत की तरफ से केएल राहुल ने 101 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली। राहुल के अलावा विराट कोहली ने 38, श्रेयस अय्यर ने 31 और शार्दुल ठाकुर ने 24 रन बनाए। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के लिए कागिसो रबाडा ने 5 विकेट लिए।

भारतीय टीम की खराब शुरुआत
मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही और केवल 24 रन पर भारत ने कप्तान रोहित शर्मा (05), शुभमन गिल (02) और यशस्वी जायसवाल (17) के विकेट खो दिये। यहां से विराट कोहली और श्रेयस अय्यर ने पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 68 रन जोड़े। 92 रन के कुल स्कोर पर अय्यर 31 रन बनाकर रबाडा की गेंद पर बोल्ड हुए। 107 के कुल स्कोर पर कोहली भी 38 रन बनाकर रबाडा का शिकार बने।

भारत ने नौवें विकेट के लिए 47 रन जोड़े
रविचंद्रन अश्विन कुछ खास नहीं कर सके और 121 के कुल स्कोर पर 8 रन बनाकर रबाडा की गेंद पर आउट हुए। यहां से राहुल ने शार्दुल ठाकुर के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 43 रन जोड़े। 164 के कुल स्कोर पर शार्दुल रबाडा के पांचवें शिकार बने। शार्दुल ने 24 रन बनाए। जसप्रीत बुमराह 1 रन बनाकर मार्को यान्सन का शिकार बने। इसके बाद राहुल ने मोहम्मद सिराज के साथ नौवें विकेट के लिए 47 रन जोड़े। सिराज 238 के कुल स्कोर पर गेराल्ड कोएट्जी का शिकार बने। सिराज ने 5 रन बनाए।

केएल राहुल ने सेंचुरियन में करियर का दूसरा शतक लगाया
राहुल ने इसके बाद कोएट्जी की गेंद पर छक्का लगाकर अपने करियर का आठवां शतक और सेंचुरियन में दूसरा शतक लगाया। इसके साथ ही वह सेंचुरियन में दो शतक लगाने वाले पहले मेहमान बल्लेबाज बने। हालांकि शतक लगाने के बाद मार्को यान्सन ने उन्हें बोल्ड कर भारतीय पारी का अंत किया। राहुल ने 137 गेंदों पर 14 चौकों और 4 छक्कों की बदौलत 101 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से कागिसो रबाडा ने 5, नान्द्रे बर्गर ने 3, मार्को यान्सन और गेराल्ड कोएट्जी ने 1-1 विकेट लिया।

RELATED ARTICLES

21 mins ago

Asian Para Games: पीएम मोदी ने एशियन पैरा गेम्स के पदक विजेताओं को सराहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को 'एशियन पैरा गेम्स 2026' में पदक जीतने वाले भारतीय एथलीट्स ...

6 hours ago

Asian Para Games: महिलाओं की 400 मीटर टी47 स्पर्धा में गोल्ड के साथ सिल्वर, टी12 में तेजलबेन का ब्रॉन्ज

भारत ने एशियन गेम्स 2026 में गुरुवार को महिलाओं की 400 मीटर टी47 स्पर्धा में दो मेडल हासिल किए। अंजाना...