प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा में रोड शो किया। अपने दो दिवसीय राज्य दौरे के दौरान वे जिले में 14,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।भिलडी में भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर का लोकार्पणप्रधानमंत्री मोदी बनासकांठा के भिलडी में 127 एकड़ में फैले ‘भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर’ (BBBRC) का उद्घाटन करेंगे। यह देश का अपनी तरह का पहला केंद्र है, जो विशेष रूप से कांकरेज नस्ल के मवेशियों के लिए समर्पित है। इसका उद्देश्य पशु प्रजनन, आनुवंशिक सुधार और उन्नत तकनीकों को मजबूत करना है। इससे नस्ल सुधार की गति 10 से 20 गुना तक बढ़ने की उम्मीद है।
बायो-सीएनजी संयंत्रों की आधारशिला
प्रधानमंत्री मोदी थराद और राधनपुर में बनास डेयरी के दो बायो-सीएनजी संयंत्रों की आधारशिला रखेंगे। इनकी क्षमता क्रमशः 75 मीट्रिक टन और 100 मीट्रिक टन गोबर प्रतिदिन प्रोसेस करने की होगी।
अहमदाबाद मेट्रो और हाईवे परियोजनाएं
वे अहमदाबाद मेट्रो के फेज-2A (एयरपोर्ट एक्सटेंशन) और फेज-2B (गिफ्ट सिटी एक्सटेंशन) की आधारशिला भी रखेंगे। फेज-2A में कोतेश्वर रोड से एयरपोर्ट तक 6 किलोमीटर से अधिक मार्ग और पांच स्टेशन होंगे, जबकि फेज-2B में गिफ्ट सिटी से शाहपुर तक 3.3 किलोमीटर मार्ग और तीन स्टेशन होंगे।
इसके अलावा, लगभग 2,600 करोड़ रुपये की लागत से अहमदाबाद-मेहसाणा रोड (स्टेट हाईवे-41) को चार लेन से आठ लेन में अपग्रेड करने की परियोजना की भी आधारशिला रखी जाएगी। इससे अहमदाबाद और उत्तरी गुजरात के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
आंगनवाड़ी और कृषि अवसंरचना कोष परियोजनाएं
प्रधानमंत्री मोदी 4,030 नए बाल-अनुकूल आंगनवाड़ी केंद्रों की आधारशिला रखेंगे और 361 तैयार केंद्रों का उद्घाटन करेंगे। 800 करोड़ रुपये की इस पहल से चार लाख से अधिक लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है। वे कृषि अवसंरचना कोष के तहत पूरी हुई 521 परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इनकी कुल लागत करीब 4,950 करोड़ रुपये है। इनमें कोल्ड स्टोरेज, कोल्ड चेन, गोदाम, साइलो, पॉलीहाउस, ग्रीनहाउस और एकीकृत प्रसंस्करण सुविधाएं शामिल हैं।
अन्य प्रमुख कार्यक्रम
सनादार में विस्तारित आलू प्रसंस्करण संयंत्र का उद्घाटन और पालनपुर में अल्ट्रा-हाई-टेम्परेचर उत्पादों के लिए ऑटोमेटेड स्टोरेज एंड रिट्रीवल सिस्टम का शुभारंभ भी होगा।प्रधानमंत्री अहमदाबाद (साबरमती)-वाराणसी एक्सप्रेस और मेहसाणा-बेचाराजी-साबरमती मेमू ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे।
पीएम-किसान की 24वीं किस्त और बागवानी क्लस्टर
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री पीएम-किसान योजना की 24वीं किस्त जारी करेंगे। 19,000 करोड़ रुपये की यह राशि देशभर के किसानों को दी जाएगी। वे लगभग 1.46 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में फैले 12 स्वीकृत बागवानी क्लस्टरों में जमीनी गतिविधियों की शुरुआत भी करेंगे, जिससे 1.3 लाख से अधिक किसानों को लाभ मिलेगा। उत्तरी गुजरात के दो क्लस्टर आलू उत्पादन पर केंद्रित होंगे।
31 अक्टूबर को एकता नगर में राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह
31 अक्टूबर को प्रधानमंत्री केवड़िया के एकता नगर जाएंगे। वहां वे स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में भाग लेंगे। वे ‘भारत पर्व 2026’ का उद्घाटन करेंगे, जो 15 नवंबर तक चलेगा। यह उत्सव विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अपनी परंपराओं, लोक प्रदर्शनों, क्षेत्रीय व्यंजनों, हस्तशिल्प और पर्यटन आकर्षणों को प्रदर्शित करने का मंच देगा। प्रधानमंत्री ‘एकता प्रकाश पर्व’ भी देखेंगे, जिसमें 1.5 करोड़ से अधिक एलईडी लाइटों से सजे 530 मीटर लंबी ‘वैली ऑफ फ्लावर्स’ सड़क और 180 मीटर लंबा ‘ग्लो टनल’ शामिल हैं।
एकता नगर में 400 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं
वे एकता नगर में 400 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे। इनमें सीवेज व जल उपचार संयंत्र, फसाड लाइटिंग, नर्मदा घाट का आधुनिकीकरण, आईआरसीटीसी होटल और पर्यटन सुविधाएं शामिल हैं। इसके अलावा गोरा-भांडरा सड़क विकास, इंटीग्रेटेड जीरो-वेस्ट स्मार्ट सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोजेक्ट, खलवानी इको-टूरिज्म विकास और कैक्टस व बटरफ्लाई गार्डन के एकीकृत विकास की आधारशिला भी रखी जाएगी।
एकता परेड पर विशेष फोकस
दो दिवसीय दौरा राष्ट्रीय एकता दिवस समारोहों के साथ समाप्त होगा। एकता परेड में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल, राज्य पुलिस बल और केंद्रीय पुलिस संगठनों के अनुशासन व समर्पण का प्रदर्शन होगा। इस साल की परेड में वामपंथी उग्रवाद से निपटने में सुरक्षा बलों की उपलब्धियों और प्रभावित क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा व विकास की दिशा में आए बदलावों पर विशेष जोर दिया जाएगा। (इनपुट-एजेंसी)


