नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शुरू हुआ अत्याधुनिक यात्री सुविधा केंद्र, अब यात्रियों को मिलेगा बेहतर अनुभव

त्योहारों के सीजन में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन ने यात्रियों का स्वागत एक और आधुनिक सुविधाओं के साथ किया है। अब यहां लंबी कतारों की जगह चमकदार फर्श, डिजिटल साइनबोर्ड, साफ-सुथरे शौचालय और ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीनें नजर आ रहीं हैं। यह बदलाव स्टेशन पर 11 अक्टूबर को उद्घाटित किए गए नए ‘यात्री सुविधा केंद्र की वजह से संभव हुआ है।

करीब 6,000 वर्गमीटर क्षेत्र में बना यह स्थायी यात्री प्रतीक्षा क्षेत्र एक समय में लगभग 7,000 यात्रियों को समायोजित कर सकता है। इसका उद्देश्य भारत के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में से एक पर त्योहारों के दौरान यात्रियों की भीड़ को व्यवस्थित तरीके से संभालना और उन्हें यात्रा से पहले आरामदायक माहौल देना है।

इस केंद्र को तीन मुख्य हिस्सों में बांटा गया है- प्री-टिकटिंग जोन (2,860 वर्गमीटर), टिकटिंग जोन (1,150 वर्गमीटर) और डिपार्चर जोन (1,218 वर्गमीटर)। यहां यात्रियों के बैठने के लिए बेंच उपलब्ध कराई गई हैं और खास बात यह है कि इस केंद्र में इंतजार करना बिल्कुल मुफ्त है।

टिकटिंग जोन में 22 आधुनिक टिकट काउंटर और 25 ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीनें (ATVMs) लगाई गई हैं, जिससे टिकट के लिए लंबी कतारों और प्रतीक्षा समय में काफी कमी आई है। यात्रियों की सुविधा के लिए 200 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। पूरे क्षेत्र में हवा का बेहतर प्रवाह बनाए रखने के लिए 18 हाई-वॉल्यूम लो-स्पीड (HVLS) फैन लगाए गए हैं।

स्वच्छता और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए 652 वर्गमीटर क्षेत्र में साफ और आधुनिक शौचालय बनाए गए हैं। साथ ही, आरओ-आधारित पेयजल प्रणाली की भी व्यवस्था की गई है। यात्रियों को सूचना और मार्गदर्शन देने के लिए यहां 24 स्पीकर वाला सार्वजनिक उद्घोषणा तंत्र और तीन एलईडी डिस्प्ले लगाए गए हैं जो वास्तविक समय में ट्रेन की जानकारी देते हैं।

सुरक्षा के लिए यात्री सुविधा केंद्र में फायर फाइटिंग सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे, लगेज स्कैनर और मेटल डिटेक्टर भी लगाए गए हैं। इससे यात्रियों को सुरक्षित और भरोसेमंद माहौल में यात्रा का अनुभव मिल रहा है। रेल मंत्रालय के अनुसार, यह सुविधा केंद्र भारत की रेलवे संरचना में यात्री-केंद्रित सुविधाओं का नया मानक स्थापित करता है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन अब न केवल यात्रा को सुविधाजनक बना रहा है बल्कि यह यह भी दर्शाता है कि भारतीय रेलवे अब आधुनिकता, सुरक्षा और सुविधा की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।-(ANI)

RELATED ARTICLES

6 mins ago | banking sector

सरकार ने आईडीबीआई बैंक के रणनीतिक पुनर्गठन को दी मंजूरी

आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने आईडीबीआई बैंक लिमिटेड के रणनीतिक पुनर्गठन को म...

38 mins ago | Anita Anand

प्रधानमंत्री मोदी से मिलीं कनाडाई विदेश मंत्री अनीता आनंद, व्यापार-तकनीक समेत कई मुद्दों पर चर्चा

कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरा...