सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, दिल्ली सरकार के सहयोग से 28 अक्टूबर 2026 को दिल्ली-एनसीआर में ‘परिवर्तन’ योजना के तहत ‘परिवहन मेला’ आयोजित करेगा। मेला सुबह 9:30 बजे से उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी स्थित जिला परिवहन कार्यालय (डीटीओ) के पास वाहन निरीक्षण इकाई में लगेगा। इसमें पुराने ट्रक और बस मालिकों को वाहन स्क्रैपिंग, वित्तीय विकल्पों और अधिक पर्यावरण-अनुकूल नए वाहनों की खरीद से जुड़ी जानकारी, मार्गदर्शन और सहायता एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी।
एक जगह जुटेंगे वाहन उद्योग से जुड़े हितधारक
मेले में मूल उपकरण निर्माता (ओईएम) और उनके डीलर, पंजीकृत वाहन स्क्रैपिंग सुविधाएं (आरवीएसएफ), बैंक एवं गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियां (एनबीएफसी), तेल विपणन कंपनियां (ओएमसी) और योजना से जुड़े सिटी गैस वितरक (सीजीडी) संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। वाहन मालिक इनसे स्क्रैपिंग की प्रक्रिया, ऋण एवं वित्त विकल्प, नए वाहन खरीदने और ईंधन से जुड़े लाभों सहित अन्य प्रोत्साहनों की जानकारी ले सकेंगे।
पुराने ट्रक-बसों को पर्यावरण-अनुकूल वाहनों से बदलने पर जोर
‘परिवर्तन’ योजना के माध्यम से सरकार दिल्ली-एनसीआर में पुराने ट्रकों और बसों को अधिक पर्यावरण-अनुकूल वाहनों से बदलने को प्रोत्साहित कर रही है। इसके तहत वाहन मालिकों को कई तरह के वित्तीय और अन्य लाभ उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
8% अतिरिक्त छूट और 5% ब्याज सब्सिडी
योजना के तहत ओईएम छूट के अलावा कम से कम 8% की अतिरिक्त छूट, वाहन ऋण पर 5% ब्याज सब्सिडी और 10 वर्षों के लिए 100% रोड टैक्स में छूट का प्रावधान है। इसके अलावा इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए एकमुश्त लाभ, मासिक ईंधन वाउचर और लागू होने की स्थिति में पंजीकरण शुल्क से छूट भी दी जा रही है।
परिवर्तन पोर्टल पर 40 हजार लाभार्थियों का पंजीकरण
मंत्रालय के अनुसार, अब तक करीब 40,000 लाभार्थी ‘परिवर्तन’ पोर्टल पर पंजीकरण करा चुके हैं। परिवहन मेले के जरिए अधिक से अधिक वाहन मालिकों को योजना के लाभों और आवेदन की प्रक्रिया की जानकारी देने का प्रयास किया जाएगा।
मेले का स्थान, तारीख और समय
- तारीख: 28 अक्टूबर 2026, बुधवार।
- समय: सुबह 9:30 बजे से।
- स्थान: वाहन निरीक्षण इकाई, जिला परिवहन कार्यालय (डीटीओ) के पास, बुराड़ी, उत्तरी दिल्ली। (इनपुट: पीआईबी)


