कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 में सोमवार को भारतीय पुरुष और महिला टीमों ने नाइजीरिया के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की। भारतीय पुरुष टीम ने नाइजीरिया को 50-23 से हराया, जबकि महिला टीम ने 38-10 से जीत हासिल कर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। दोनों भारतीय टीमों ने प्रतियोगिता में लगातार चौथी जीत दर्ज की।
भारतीय महिलाओं का शानदार प्रदर्शन
भारतीय महिला टीम ने नाइजीरिया को 38-10 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। मेजबान भारत ने मुकाबले की मजबूत शुरुआत की और जल्द ही नाइजीरिया को ऑलआउट कर दिया। इसके बाद भी भारतीय टीम ने आक्रामक खेल जारी रखा और हाफ टाइम तक 24-6 की बढ़त बना ली।
अनु सेन ने बनाए 11 प्वाइंट
भारत की ओर से अनु सेन ने 11 प्वाइंट हासिल किए। साक्षी ने पांच, जबकि प्रिया ने तीन प्वाइंट का योगदान दिया। नाइजीरिया की ओर से रॉबर्ट मोसेस ने सबसे अधिक छह प्वाइंट हासिल किए।
केन्या ने इंग्लैंड को 82-6 से हराया
इससे पहले सोमवार को केन्या की महिला टीम ने इंग्लैंड को 82-6 से हराया। यह कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। केन्या ने मुकाबले में आठ बार ऑलआउट करके टूर्नामेंट का नया रिकॉर्ड भी बनाया।
जॉय ओन्यांगो ने बनाए 27 प्वाइंट
केन्या की जीत में जॉय ओन्यांगो ने 27 प्वाइंट हासिल कर अहम भूमिका निभाई। इंग्लैंड की ओर से अनीसा खान ने टीम के कुल छह प्वाइंट में से चार प्वाइंट बनाए। इस जीत के साथ केन्या ने टॉप-4 में जगह पक्की कर ली और श्रीलंका के बाद ग्रुप बी से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम बन गई।
भारतीय पुरुष टीम ने 50-23 से दर्ज की जीत
पुरुष वर्ग में भारत ने नाइजीरिया को 50-23 से हराया। सचिन तंवर ने शानदार पांच-प्वाइंट रेड के साथ मुकाबले की शुरुआत में ही अपना प्रभाव छोड़ा। पहले हाफ में नाइजीरियाई डिफेंस भारतीय रेडरों को रोकने में नाकाम रहा और भारत ने हाफ टाइम तक 25-7 की बढ़त बना ली।
तंवर और शिंदे का दमदार प्रदर्शन
भारत के लिए सचिन तंवर ने 12 और आदित्य शिंदे ने 11 प्वाइंट हासिल किए। नाइजीरिया की ओर से इटा एडेम ने आठ प्वाइंट बनाए। भारतीय टीम ने पूरे मुकाबले में दबदबा बनाए रखा और 27 प्वाइंट के अंतर से जीत दर्ज की।
ग्रुप ए में शीर्ष पर भारत
सुरजीत सिंह की कप्तानी वाली भारतीय पुरुष टीम लगातार चार जीत के साथ फिलहाल ग्रुप ए की प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष पर है। भारतीय पुरुष टीम अब मंगलवार, 27 अक्टूबर को तंजानिया के खिलाफ मुकाबला खेलेगी। (इनपुट: आईएएनएस)


