केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को लोकतंत्र को मजबूत बनाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर देते हुए पत्रकारों से तेजी से बदलते मीडिया परिदृश्य और तकनीकी बदलावों के अनुरूप खुद को तैयार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ जिम्मेदारी और समाज के प्रति जवाबदेही भी पत्रकारिता का महत्वपूर्ण हिस्सा है। राष्ट्रीय राजधानी में प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया (पीसीआई) की ओर से आयोजित राष्ट्रीय प्रेस दिवस समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने पत्रकारों को नई तकनीकों को अपनाने और अपने कौशल को लगातार उन्नत करने की सलाह दी।
आने वाले पांच वर्षों में तेजी से बदलेगी दुनिया
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अभूतपूर्व बदलाव हो रहे हैं और आने वाले पांच वर्षों में दुनिया उतनी बदल सकती है, जितनी पिछले दो दशकों में नहीं बदली। उन्होंने विशेष रूप से युवा पत्रकारों से नई तकनीकों को अपनाने और बदलते मीडिया परिदृश्य के अनुरूप अपनी कार्यक्षमता विकसित करने का आग्रह किया।
डिजिटल प्लेटफॉर्म की जवाबदेही पर उठाए सवाल
केंद्रीय मंत्री ने डिजिटल प्लेटफॉर्म की जवाबदेही का मुद्दा उठाते हुए कहा कि गलत सूचनाओं, डीपफेक, भ्रामक विज्ञापनों, डिजिटल धोखाधड़ी और बच्चों को प्रभावित करने वाली हानिकारक सामग्री की चुनौतियां लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में यह विचार करना जरूरी है कि क्या केवल कम्युनिटी गाइडलाइंस इन समस्याओं से निपटने के लिए पर्याप्त हैं। उन्होंने कहा कि बदलते मीडिया परिदृश्य का नियमन इस तरह किया जाना चाहिए, जिससे नागरिक सशक्त बनें और नई चुनौतियों का प्रभावी समाधान निकल सके।
लोकप्रियता से ऊपर होनी चाहिए समाचारों की विश्वसनीयता
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार ने कहा कि पत्रकारिता को जनभागीदारी और विश्वसनीयता के बीच संतुलन बनाए रखना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकप्रियता को सत्य से ऊपर नहीं रखा जा सकता और न ही वायरल होने की होड़ को तथ्यों की पुष्टि से अधिक महत्व दिया जाना चाहिए।
टीआरपी और क्लिक के दबाव में न खोएं संपादकीय विवेक
चंचल कुमार ने कहा कि आज टीआरपी, क्लिक और डिजिटल एंगेजमेंट का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है। इसके बावजूद संपादकीय विवेक, तथ्य-जांच और समाचार तथा राय के बीच स्पष्ट अंतर बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पत्रकारों की मदद कर सकती है, लेकिन वह पत्रकार की जिम्मेदारी और निर्णय क्षमता का स्थान नहीं ले सकती।
सनसनीखेज प्रस्तुति और जिम्मेदार पत्रकारिता में अंतर
मुख्य वक्ता के रूप में वरिष्ठ पत्रकार रजत शर्मा ने कहा कि सनसनीखेज प्रस्तुति और जिम्मेदार पत्रकारिता के बीच बहुत बारीक अंतर होता है। उन्होंने संपादकीय निर्णय क्षमता और जिम्मेदार रिपोर्टिंग के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि पत्रकारों को हर परिस्थिति में सत्यता और सार्वजनिक हित को प्राथमिकता देनी चाहिए।
प्रेस की स्वतंत्रता और पत्रकारिता के मानकों पर जोर
प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया की अध्यक्ष न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) रंजना प्रकाश देसाई ने प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा और पत्रकारिता के मानकों को बेहतर बनाने के लिए परिषद की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि तकनीकी प्रगति ने सूचना को कुछ ही सेकंड में करोड़ों लोगों तक पहुंचाना संभव बना दिया है।
डिजिटल दौर में पेशेवर पत्रकारिता की भूमिका अहम
रंजना प्रकाश देसाई ने कहा कि आज मोबाइल फोन और इंटरनेट की मदद से कोई भी व्यक्ति सूचना प्रसारित कर सकता है, लेकिन समाचार साझा करने वाला हर व्यक्ति पत्रकारिता के सिद्धांतों और नैतिक मानकों से प्रशिक्षित या बंधा हुआ हो, यह जरूरी नहीं है। ऐसे में पेशेवर पत्रकारिता की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने पत्रकारिता में विश्वसनीयता, नैतिकता और जिम्मेदारी बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। (इनपुट: आईएएनएस)


