‘महासागर’ विजन और ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति को मजबूती देता भारत-म्यांमार नौसैनिक अभ्यास

भारत और म्यांमार के बीच आयोजित संयुक्त नौसैनिक अभ्यास आईएमएनईएक्स-26 का 8वां संस्करण 14 नवंबर, 2026 को विशाखापट्टनम में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अभ्यास के बंदरगाह और समुद्री, दोनों चरण पूरे किए गए। इस अभ्यास का उद्देश्य दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच परिचालन सहयोग, सामरिक समन्वय और अंतर-संचालनीयता को मजबूत करना था।

बंगाल की खाड़ी में हुआ समुद्री अभ्यास

समुद्री चरण बंगाल की खाड़ी में आयोजित किया गया, जो इस नौसैनिक अभ्यास का परिचालन संबंधी समापन चरण था। इस दौरान भारतीय नौसेना के जहाज आईएनएस राणा और आईएनएस सुमेधा ने म्यांमार नौसेना के जहाज यूएमएस किंग सिन फ्यू शिन के साथ संयुक्त रूप से विभिन्न सैन्य अभ्यासों में हिस्सा लिया।

बंदरगाह चरण में पेशेवर गतिविधियों का आयोजन

अभ्यास के बंदरगाह चरण में विषय विशेषज्ञों का आदान-प्रदान (एसएमईई), एक-दूसरे के जहाजों का दौरा, पेशेवर संवाद और खेल संबंधी गतिविधियां आयोजित की गईं। इन गतिविधियों से दोनों देशों की नौसेनाओं के कर्मियों को परिचालन संबंधी ज्ञान और अनुभव साझा करने का अवसर मिला। साथ ही आपसी समझ और पेशेवर संबंधों को मजबूत करने में भी मदद मिली।

समुद्री युद्धाभ्यास से बढ़ा सामरिक समन्वय

समुद्री चरण के दौरान समन्वित समुद्री युद्धाभ्यास और विभिन्न परिचालन गतिविधियां आयोजित की गईं। इनके माध्यम से प्रक्रियाओं को बेहतर बनाने, सामरिक समन्वय बढ़ाने और अभ्यास में शामिल नौसैनिक इकाइयों के बीच अंतर-संचालनीयता को मजबूत करने का अवसर मिला।

द्विपक्षीय नौसैनिक सहयोग को मिलेगी नई गति

आईएमएनईएक्स-26 ने दोनों देशों के नौसैनिक जहाजों और कर्मियों को परिचालन संबंधी समझ विकसित करने तथा एक-दूसरे की क्षमताओं एवं प्रक्रियाओं से बेहतर परिचित होने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया। इस अभ्यास से भारत और म्यांमार के बीच द्विपक्षीय नौसैनिक सहयोग को और गति मिली है।

यह अभ्यास भारत के ‘महासागर’ (एमएएचएएसएजीएआर-क्षेत्रीय सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक एवं समग्र उन्नति) विजन तथा ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति के अनुरूप है। इसके माध्यम से भारत ने क्षेत्रीय समुद्री सहयोग, आपसी विश्वास और साझा सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया। (इनपुट: पीआईबी)