आइची-नागोया में बुधवार को हुए रोमांचक फाइनल में भारतीय पुरुष कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने चीन को 238-237 से हराकर गोल्ड मेडल जीत लिया। साहिल जाधव, कुशल दलाल और गणेश मणि रत्नम की तिकड़ी ने कंपाउंड इवेंट्स में भारत के लिए अब तक तीन में से तीन गोल्ड पूरे कर लिए हैं। फाइनल के हीरो साहिल जाधव रहे, जिन्होंने हर शॉट में 10 पॉइंट का निशाना साधते हुए 100 प्रतिशत रिकॉर्ड बनाया। कुशल और गणेश ने भी शानदार प्रदर्शन किया। यह एशियन गेम्स 2026 में भारत का 59वां मेडल और 10वां गोल्ड है। देश के खाते में अब 21 सिल्वर और 28 ब्रॉन्ज मेडल भी हैं।
फाइनल में रहा कड़ा मुकाबला, आखिरी राउंड में पलट दी बाजी
चीन ने तीन परफेक्ट 10 के साथ शुरुआत की। भारत की ओर से साहिल और गणेश ने 10 लगाए, लेकिन कुशल के 9 से भारत एक पॉइंट पीछे हो गया। दूसरे राउंड में भी चीन का प्रदर्शन बेहतरीन रहा और भारत 60-58 से पीछे चल रहा था। आधे रास्ते तक चीन 120-118 से आगे था। भारत ने दबाव बनाए रखा और स्कोर को करीब लाते हुए एक पॉइंट के अंतर (149-148) तक पहुंचा दिया। आखिरी राउंड में भारतीय तिकड़ी ने परफेक्ट 10 का स्कोर किया। चीन ने एक शॉट में 8 (रिव्यू के बाद) और दो 10 लगाए। आखिरकार भारत ने 238-237 से जीत दर्ज की।
सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को भी हराया
इससे पहले सेमीफाइनल में साहिल, कुशल और गणेश की टीम ने दक्षिण कोरिया को 236-229 से हराया था, जिससे गोल्ड मेडल के मुकाबले का रास्ता साफ हुआ।
महिलाओं और मिक्स्ड टीम ने भी जीते गोल्ड
इससे पहले ज्योति सुरेखा वेन्नम, चिकिता तनिपर्थी और पृथिका प्रदीप की महिला कंपाउंड टीम ने फाइनल में चीन को 238-234 से हराकर गोल्ड जीता था। उन्होंने 2014 में दक्षिण कोरिया द्वारा बनाए गए 238 के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी भी की। बाद में चिकिता तनिपर्थी और साहिल जाधव ने रोमांचक शूट-ऑफ में दक्षिण कोरिया को हराकर कंपाउंड मिक्स्ड टीम इवेंट में गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत को लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के लिए कंपाउंड मिक्स्ड टीम का क्वालिफिकेशन कोटा भी मिल गया। (इनपुट-एजेंसी)


