57वें इफ्फी में ‘क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो’ के छठे संस्करण के तहत देशभर से 100 युवा प्रतिभाएं 13 फिल्म निर्माण विधाओं में भाग लेंगी

हर वो फिल्म जो पर्दे तक पहुंचती है, उसके पीछे रचनात्मक दिमागों की एक टीम होती है। उनके योगदान से ही उसकी कहानी, ध्वनि और दृश्य पहचान बनती है। इस सामूहिक प्रतिभा के महत्व को पहचानते हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की एक पहल है, क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो (CMOT), जिसे राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (NFDC) द्वारा भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) के दौरान आयोजित किया जाता है। यह कार्यक्रम देश की युवा प्रतिभाओं को फिल्म निर्माण और मीडिया उद्योग से जुड़ने व आगे बढ़ने का मंच देता है। यह गोवा में 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) में अपने छठे संस्करण के साथ लौट रहा है, जिसमें पूरे भारत से 100 युवा प्रतिभाएं शामिल होंगी।

इस साल इस समूह में फिल्म निर्माण के 13 अलग-अलग क्षेत्रों के उभरते हुए पेशेवर शामिल हैं। इनमें निर्देशन, अभिनय, सिनेमैटोग्राफी, एडिटिंग और सबटाइटलिंग, स्क्रिप्ट राइटिंग, पार्श्व गायन (प्लेबैक सिंगिंग), संगीत रचना, साउंड रिकॉर्डिंग, कॉस्ट्यूम डिजाइन, हेयर और मेकअप, आर्ट डायरेक्शन, एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स (VFX), ऑगमेंटेड रियलिटी (AR), वर्चुअल रियलिटी (VR) तथा वॉयस-ओवर और डबिंग जैसे क्षेत्र शामिल हैं। अलग-अलग रचनात्मक क्षेत्रों के प्रतिभागियों को एक साथ लाकर, यह पहल फिल्म निर्माण के अनुभव में सहयोग को केंद्र में रखती है।

इसकी चयन प्रक्रिया में फिल्म शिक्षा और इंडस्ट्री के कामकाज, दोनों के दृष्टिकोण शामिल हैं। फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) के फैकल्टी सदस्यों वाली 13 सदस्यीय चयन जूरी, अलग-अलग क्षेत्रों (crafts) से जुड़े आवेदनों का मूल्यांकन करती है। अगला चरण उद्योग के अनुभवी विशेषज्ञों की 12 सदस्यीय ‘ग्रैंड जूरी’ द्वारा पूरा किया जाता है, जो चुने गए प्रतिभागियों की पहचान करती है। इसके बाद, फिल्म निर्माण चुनौती और इसके अंतिम पुरस्कारों का मूल्यांकन प्रतिष्ठित फिल्म पेशेवरों की 5 सदस्यीय ‘ग्रेट ग्रैंड जूरी’ द्वारा किया जाता है।

इस कार्यक्रम का एक मुख्य हिस्सा ’48-घंटे का फिल्म निर्माण चैलेंज’ (48-Hour Filmmaking Challenge) है, जिसे FTII, पुणे द्वारा NFDC के सहयोग से आयोजित किया जाता है। इसमें अलग-अलग क्षेत्रों के प्रतिभागी एक साथ मिलकर 48 घंटों के भीतर शॉर्ट फिल्में तैयार करेंगे। विशेषज्ञों की मेंटरशिप और संस्थान के मार्गदर्शन से, यह चैलेंज प्रतिभागियों को एक पेशेवर फिल्म निर्माण टीम के रूप में काम करने का गहन व्यावहारिक अनुभव प्रदान करता है।

पूरी हो चुकी फिल्मों की IFFI में विशेष स्क्रीनिंग की जाएगी और फिल्म उद्योग के विशेषज्ञों की एक प्रतिष्ठित जूरी द्वारा इनका मूल्यांकन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्यों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। CMOT टैलेंट कैंप प्रतिभागियों को व्यापक मीडिया और मनोरंजन उद्योग से जोड़ेगा और उन्हें प्रोडक्शन हाउस, स्टूडियो, म्यूजिक लेबल, OTT प्लेटफॉर्म, ब्रॉडकास्टर तथा उद्योग से जुड़े अन्य लोगों के संपर्क में लाएगा। इससे युवा क्रिएटर्स को अपना मौलिक काम पेश करने, उद्योग के प्रतिनिधियों से बातचीत करने और पेशेवर अवसरों को तलाशने का मौका मिलेगा।

वर्ष 2021 में अपनी शुरुआत के बाद से, CMOT एक ऐसे प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित हुआ है जो उभरते हुए क्रिएटिव प्रोफेशनल्स को मीडिया और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से जोड़ता है। इसके पूर्व छात्र अंतरराष्ट्रीय प्रोडक्शंस में काम कर चुके हैं और उन्हें कान (Cannes), बर्लिनाले (Berlinale), टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल और इंटरनेशनल एमी अवार्ड्स जैसे प्लेटफॉर्म्स और फेस्टिवल्स में पहचान मिली है। जैसे-जैसे भारत की क्रिएटिव इकॉनमी का विस्तार हो रहा है, फिल्म निर्माण के विभिन्न क्षेत्रों में कुशल और इनोवेटिव पेशेवरों को तैयार करना और भी महत्वपूर्ण होता जा रहा है। सीखने की प्रक्रिया, व्यावहारिक सहयोग और इंडस्ट्री के साथ जुड़ाव के माध्यम से, CMOT उभरती प्रतिभाओं के लिए ऐसे रास्ते बनाना चाहता है, जिससे वे अपनी रचनात्मक क्षमताओं को पेशेवर अवसरों में बदल सकें।

गोवा आने वाले 100 प्रतिभागियों के लिए, IFFI केवल विश्व सिनेमा के प्रदर्शन से कहीं बढ़कर होगा। यह उनके लिए सहयोग करने, सीखने और भारतीय फिल्म निर्माण के भविष्य को आकार देने की दिशा में पहला कदम उठाने का एक अवसर होगा। 

RELATED ARTICLES

18/11/26 | 5:25 pm | Digital entertainment industry

इफ्फी 2026 में सर्वश्रेष्ठ वेब सीरीज पुरस्कार के लिए 5 वेब सीरीज नामांकित

भारत के डिजिटल मनोरंजन उद्योग का बदलता परिदृश्य 57वें भारत अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफ...

18/11/26 | 4:55 pm | 57वां भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव

57वां इफ्फी भारतीय सिनेमा की समृद्धि के साथ ‘मिशन लाइफ’ को भी प्रदर्शित करेगा

57वां भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव- इफ्फी, गोवा में 20 से 28 नवंबर, 2026 तक आयोजित होने जा रहा है।...