सीओपी-31 में भारत की सक्रिय भूमिका, भूपेंद्र यादव ने क्रिस बोवेन से की मुलाकात

केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोमवार को तुर्किये के अंताल्या में सीओपी-31 की वार्ताओं के अध्यक्ष और ऑस्ट्रेलिया के जलवायु परिवर्तन एवं ऊर्जा मंत्री क्रिस बोवेन से मुलाकात की। इस दौरान जलवायु परिवर्तन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई, जिनमें मिटिगेशन (उत्सर्जन में कमी), एडाप्टेशन (जलवायु अनुकूलन) और क्लाइमेट फाइनेंस (जलवायु वित्त) प्रमुख रहे। बैठक में भारत ने जलवायु वार्ताओं में सहयोग और सकारात्मक समाधान के लिए रचनात्मक भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता जताई।

वार्ताओं में भारत के सहयोग का भरोसा

भूपेंद्र यादव ने बैठक के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि अंताल्या में सीओपी-31 के दौरान क्रिस बोवेन से मुलाकात में चल रही वार्ताओं पर विस्तार से चर्चा हुई। इसमें मिटिगेशन, एडाप्टेशन और क्लाइमेट फाइनेंस जैसे अहम विषय शामिल रहे। उन्होंने कहा कि भारत इन वार्ताओं में पूरा सहयोग देगा और सकारात्मक नतीजे हासिल करने के लिए रचनात्मक भूमिका निभाता रहेगा।

यूएनएफसीसीसी के कार्यकारी सचिव से भी मुलाकात

केंद्रीय मंत्री ने संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन फ्रेमवर्क कन्वेंशन (यूएनएफसीसीसी) के कार्यकारी सचिव साइमन स्टील से भी मुलाकात की। इस बैठक में वार्ता प्रक्रिया को सरल बनाने, जलवायु कार्रवाई के क्रियान्वयन के साधनों, न्यायसंगत परिवर्तन (जस्ट ट्रांजिशन), जलवायु अनुकूलन और जलवायु वित्त जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक के बाद भूपेंद्र यादव ने ‘एक्स’ पर कहा कि भारत यूएनएफसीसीसी के साथ रचनात्मक तरीके से काम करने और आवश्यक सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

जलवायु परिवर्तन से मुकाबले के लिए भारत प्रतिबद्ध

इससे पहले सोमवार को भूपेंद्र यादव सीओपी-31 में हिस्सा लेने के लिए तुर्किये के अंताल्या पहुंचे। वहां पहुंचने के बाद उन्होंने कहा कि भारत जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया कि सम्मेलन के दौरान वह भारत का पक्ष रखेंगे और विभिन्न द्विपक्षीय तथा बहुपक्षीय बैठकों में हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि घरेलू प्रयासों और अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों के माध्यम से भारत जलवायु परिवर्तन का मुकाबला करने के लिए दृढ़ता से काम कर रहा है।

9 से 20 नवंबर तक आयोजित हो रहा सीओपी-31

सीओपी-31 संयुक्त राष्ट्र का वार्षिक जलवायु परिवर्तन सम्मेलन है, जिसका आयोजन 9 से 20 नवंबर तक तुर्किये के अंताल्या में किया जा रहा है। सम्मेलन की मेजबानी तुर्किये कर रहा है। मुरात कुरुम को सीओपी-31 का अध्यक्ष नामित किया गया है, जबकि क्रिस बोवेन वार्ताओं के अध्यक्ष की भूमिका निभा रहे हैं।

जलवायु संकट से निपटने के लिए साझा प्रयासों पर जोर

कॉन्फ्रेंस ऑफ पार्टीज (सीओपी) संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन प्रक्रिया के तहत एक महत्वपूर्ण मंच है, जहां दुनिया के देश जलवायु संकट से निपटने के लिए साझा प्रयासों और नीतिगत कदमों पर सहमति बनाने के लिए जुटते हैं। इसमें वैश्विक तापमान वृद्धि को 1.5 डिग्री सेल्सियस तक सीमित रखने, जलवायु परिवर्तन से प्रभावित समुदायों की मदद करने और वर्ष 2050 तक नेट-जीरो उत्सर्जन हासिल करने जैसे विषयों पर चर्चा होती है।

जलवायु कार्रवाई को प्रभावी और समावेशी बनाने पर मंथन

सीओपी-31 में दुनिया भर के देशों के नेता, वार्ताकार, कारोबारी प्रतिनिधि, युवा, जलवायु वैज्ञानिक, आदिवासी समुदायों के प्रतिनिधि और नागरिक समाज के सदस्य हिस्सा ले रहे हैं। सम्मेलन का व्यापक उद्देश्य जलवायु कार्रवाई को अधिक मजबूत, प्रभावी और समावेशी बनाना है। इसके तहत जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने, उत्सर्जन कम करने और विकासशील देशों को जलवायु वित्त एवं तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जा रहा है। (इनपुट: आईएएनएस)