बर्मिंघम टेस्ट : भारत ने इंग्लैंड को 336 रन से हराया, आकाश दीप ने झटके 10 विकेट

भारत ने इंग्लैंड को एजबेस्टन टेस्ट मैच में 336 रन से हराकर सीरीज में शानदार वापसी की है। यह रनों के आधार पर इंग्लैंड के खिलाफ भारत की दूसरी सबसे बड़ी जीत है। इस जीत से पांच मैचों की सीरीज अब 1-1 की बराबरी पर आ गई है। अगला मैच 10 जुलाई से लॉर्ड्स में खेला जाएगा।इंग्लैंड को जीत के लिए 608 रन का मुश्किल लक्ष्य मिला था, लेकिन उसकी पूरी टीम दूसरी पारी में महज 271 रन पर सिमट गई। बारिश के कारण पांचवें दिन का खेल करीब दो घंटे देर से शुरू हुआ। इंग्लैंड ने अपनी पारी तीन विकेट पर 77 रन से आगे शुरू की, लेकिन तेज गेंदबाज आकाश दीप ने मैच के शुरुआती मिनटों में ही दो बड़े विकेट लेकर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। उन्होंने ओली पोप और हैरी ब्रूक को आउट कर इंग्लैंड का स्कोर 83 पर पांच विकेट कर दिया।

इसके बाद कप्तान बेन स्टोक्स और विकेटकीपर जेमी स्मिथ ने छठे विकेट के लिए 70 रन जोड़े, लेकिन स्टोक्स 33 रन बनाकर वाशिंगटन सुंदर का शिकार बने। स्मिथ ने पहली पारी में नाबाद 184 रन बनाए थे और दूसरी पारी में भी 88 रन की बेहतरीन पारी खेली, लेकिन आकाश दीप ने उन्हें आउट कर भारत की जीत लगभग सुनिश्चित कर दी। इंग्लैंड की पूरी टीम 271 रन पर सिमट गई। भारत की तरफ से आकाश दीप ने दूसरी पारी में 6 विकेट लिए और पूरे मैच में कुल 10 विकेट लेकर मैन ऑफ द मैच का दर्जा हासिल किया। उनके अलावा सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, जडेजा और सुंदर ने एक-एक विकेट लिया। आकाश दीप इंग्लैंड में टेस्ट मैच में 10 विकेट लेने वाले भारत के सिर्फ दूसरे गेंदबाज बने हैं। इससे पहले चेतन शर्मा ने 1986 में इसी मैदान पर यह कारनामा किया था।

इस जीत में बल्लेबाजों का भी अहम योगदान रहा। कप्तान शुभमन गिल ने पहली पारी में 269 और दूसरी पारी में 161 रन बनाए। रवींद्र जडेजा ने 89 और 69 रन की पारियां खेलीं। यशस्वी जायसवाल ने 87 और ऋषभ पंत ने दूसरी पारी में 65 रन बनाए। सिराज ने पहली पारी में 6 विकेट और दूसरी में 1 विकेट लिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 587 रन बनाए थे। इंग्लैंड की पहली पारी 407 रन पर सिमटी। इसके बाद भारत ने दूसरी पारी 6 विकेट पर 427 रन बनाकर घोषित की और इंग्लैंड को 608 रन का लक्ष्य दिया था। -(IANS)

RELATED ARTICLES

09/03/26 | 11:47 am | India T20 World Cup 2026 captain Suryakumar Yadav

टी20 विश्व कप जीत के बाद सूर्यकुमार यादव का बड़ा लक्ष्य, 2028 ओलंपिक गोल्ड पर नजर

भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टी20 विश्व कप जीतने के बाद अपने अगले बड़े लक्ष्य स्पष...