कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने पीएम मोदी का भारत आने का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है। यह दौरा साल 2026 के शुरुआत में होगा। कनाडा के प्रधानमंत्री कार्यालय ने इसकी पुष्टि की है। अगस्त 2025 में हाई कमिश्नर्स की वापसी के बाद दोनों देशों के रिश्तों में सुधार लगातार बढ़ा है। इससे पहले हाल ही में G20 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की द्विपक्षीय बैठक हुई। इस बैठक में दोनों देशों ने दूतावासों में कूटनीतिक स्टाफ बढ़ाने, बढ़ती कांसुलर जरूरतों को पूरा करने और लोगों के बीच संपर्क मजबूत करने पर सहमति जताई। दोनों नेताओं ने आपसी ज्ञान आदान-प्रदान और कानून प्रवर्तन संवाद में हो रही प्रगति पर भी खुशी जताई।
वहीं भारत और कनाडा ने Comprehensive Economic Partnership Agreement (CEPA) पर बातचीत शुरू करने का निर्णय लिया है। दोनों देशों का लक्ष्य है कि वर्ष 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 50 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचाया जाए। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, नवाचार, ऊर्जा और शिक्षा के क्षेत्रों में सहयोग को और आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि कनाडाई पेंशन फंड भारतीय कंपनियों में निवेश के लिए उत्सुक हैं।
दोनों देशों ने रक्षा और अंतरिक्ष क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। इसके साथ ही सिविल न्यूक्लियर सहयोग को मजबूत करने के लिए दीर्घकालिक यूरेनियम आपूर्ति पर भी चर्चा हुई। प्रधानमंत्री कार्नी ने भारत को एक विश्वसनीय व्यापारिक साझेदार बताया और कहा कि CEPA समझौता दोनों देशों के व्यापार को मजबूत और सुरक्षित बनाएगा। कार्नी ने कहा कि सौर और पवन ऊर्जा क्षेत्रों में भारत की बढ़ती भूमिका कनाडा के लिए सप्लाई चेन में विविधता लाने का बड़ा अवसर है। उन्होंने यह भी कहा कि कनाडा चीन पर निर्भरता कम करने की दिशा में काम कर रहा है और भारत व दक्षिण कोरिया इसमें महत्वपूर्ण भागीदार हो सकते हैं।
यह बैठक जून 2025 में हुए G7 सम्मेलन के बाद दोनों नेताओं के बीच पहली बड़ी द्विपक्षीय बातचीत थी। उस सम्मेलन ने भारत-कनाडा रिश्तों को फिर से पटरी पर लाने की दिशा में अहम भूमिका निभाई थी। जस्टिन ट्रूडो के कार्यकाल में 2023 में दोनों देशों के रिश्तों में काफी तनाव आ गया था, पर मार्क कार्नी के नेतृत्व में रिश्ते फिर सुधर रहे हैं। भारत, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया ने शनिवार को Australia-Canada-India Technology and Innovation (ACITI) Partnership की शुरुआत की। इस साझेदारी का उद्देश्य उभरती तकनीकों, सप्लाई चेन विविधीकरण, क्लीन एनर्जी और AI के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाना है। कनाडाई प्रधानमंत्री कार्नी ने कहा कि दोनों देश क्लीन एनर्जी, क्रिटिकल मिनरल्स और AI में मिलकर नए अवसर और शोध को बढ़ावा देंगे।-(Input with ANI)


