केंद्र ने IFFI गोवा 2025 में ‘वेव्स बाज़ार’ के लिए स्टार्टअप बूथ बुकिंग शुरू की

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने घोषणा की है कि इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) गोवा 2025 के दौरान होने वाले ‘Waves Bazaar’ में WaveX स्टार्टअप बूथ की बुकिंग शुरू हो गई है। यह जानकारी मंत्रालय की ओर से गुरुवार को जारी एक आधिकारिक बयान में दी गई।

इस पहल का उद्देश्य AVGC-XR सेक्टर (Animation, Visual Effects, Gaming, Comics और Extended Reality) तथा एंटरटेनमेंट उद्योग से जुड़े उभरते स्टार्टअप्स को एक ऐसा मंच देना है, जहां वे वैश्विक इंडस्ट्री लीडर्स, निवेशकों और प्रोडक्शन स्टूडियोज़ से जुड़ सकें।

‘Waves Bazaar’ का आयोजन 20 से 24 नवंबर 2025 तक किया जाएगा। यह IFFI के प्रमुख नेटवर्किंग स्थल Film Bazaar के पास स्थित होगा, जहां हर साल दुनिया भर के फिल्म निर्माताओं, प्रोड्यूसर्स और मीडिया प्रोफेशनल्स की सक्रिय भागीदारी होती है।

प्रत्येक बूथ की कीमत 30,000 रुपये (शेयरिंग बेसिस पर) तय की गई है। स्टार्टअप्स को बूथ के साथ ये सुविधाएं मिलेंगी:

  • दो डेलीगेट पास

  • लंच और हाई-टी

  • शाम को नेटवर्किंग का अवसर

  • फिल्म, मीडिया और टेक जगत के वैश्विक प्रोफेशनल्स के बीच सीधा एक्सपोज़र

मंत्रीालय ने बताया, “रुचि रखने वाले स्टार्टअप्स wavex.wavesbazaar.com पर रजिस्टर कर सकते हैं। स्टॉल सीमित हैं और आवंटन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर होगा।”

WaveX, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की एक राष्ट्रीय स्टार्टअप एक्सेलेरेशन और इनक्यूबेशन पहल है, जिसका उद्देश्य AVGC-XR और मीडिया-टेक सेक्टर में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देना है।

एकेडमिक संस्थानों, इंडस्ट्री और इनक्यूबेशन नेटवर्क्स के सहयोग से WaveX नई प्रतिभाओं और स्टार्टअप्स को उनके बिज़नेस को बढ़ाने में मदद करता है, जिससे भारत की क्रिएटिव इकॉनमी को मजबूती मिलती है।

इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) की शुरुआत 1952 में हुई थी और यह एशिया के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म समारोहों में से एक है। यह विश्व सिनेमा को बढ़ावा देने और फिल्म निर्माताओं, कलाकारों व सिने प्रेमियों को जोड़ने का एक महत्वपूर्ण मंच है।

IFFI का 56वां संस्करण 20 से 28 नवंबर 2025 तक गोवा के पणजी में आयोजित किया जाएगा।