कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के आठवें दिन भारत को दो और पदक मिले। वेटलिफ्टिंग में लवप्रीत सिंह ने पुरुषों के 110+ किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीता, जबकि सीमा कालीरमन ने महिला डिस्कस थ्रो स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की।
सीमा कालीरमन की उपलब्धि पर पीएम ने दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि महिला डिस्कस थ्रो स्पर्धा में 58.65 मीटर के शानदार थ्रो के साथ कांस्य पदक जीतने पर सीमा कालीरमन को बधाई। उन्होंने कहा कि सीमा के प्रदर्शन ने भारत का गौरव बढ़ाया है और देश के युवाओं को प्रेरित किया है। प्रधानमंत्री ने उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
लवप्रीत के रिकॉर्ड प्रदर्शन की सराहना
प्रधानमंत्री ने पुरुषों के 110+ किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीतने वाले लवप्रीत सिंह को बधाई देते हुए कहा कि उनका प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने कहा कि स्नैच स्पर्धा में लवप्रीत ने नया कॉमनवेल्थ गेम्स रिकॉर्ड बनाया और उनका समर्पण तथा दृढ़ संकल्प वास्तव में प्रशंसनीय है। प्रधानमंत्री ने उनके भविष्य के लिए भी शुभकामनाएं दीं।
स्नैच में बनाया नया रिकॉर्ड
लवप्रीत सिंह ने स्नैच राउंड में पहले प्रयास में 168 किलोग्राम, दूसरे में 172 किलोग्राम और तीसरे प्रयास में 176 किलोग्राम भार उठाकर नया कॉमनवेल्थ गेम्स रिकॉर्ड बनाया। इसके बाद क्लीन एंड जर्क में उन्होंने पहले प्रयास में 205 किलोग्राम और दूसरे प्रयास में 212 किलोग्राम वजन सफलतापूर्वक उठाया।
एक किलो से चूके स्वर्ण पदक
क्लीन एंड जर्क के तीसरे प्रयास में लवप्रीत ने 217 किलोग्राम भार उठाने की कोशिश की, लेकिन अंतिम क्षणों में संतुलन नहीं बना सके। उन्होंने कुल 388 किलोग्राम भार उठाकर रजत पदक जीता और स्वर्ण पदक से केवल एक किलोग्राम पीछे रह गए।
सीमा ने जीता अंतरराष्ट्रीय स्तर का पहला पदक
चार वर्ष के बच्चे की मां और पीएचडी स्कॉलर सीमा कालीरमन ने 58.65 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना पहला पदक जीता। उन्होंने यह उपलब्धि अपने पति के मार्गदर्शन और कोचिंग में हासिल की। (इनपुट: आईएएनएस)


