15/09/25 | 10:28 am

Print

मुंबई में लगातार बारिश से जनजीवन बेहाल, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

मुंबई और उसके आसपास के जिलों में रविवार रात से ही तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने मुंबई में अगले कुछ घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई और लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। 

मुंबई के कई जिलों में रविवार रात से ही लगातार तेज बारिश हो रही है, जिसकी वजह से जनजीवन प्रभावित हुआ है

मुंबई के कई जिलों में रविवार रात से ही लगातार तेज बारिश हो रही है, जिसकी वजह से जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ घंटों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही, 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। लोगों को इस दौरान सतर्क और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। 

बांद्रा रेलवे स्टेशन पर ट्रैक पर पानी भर गया

इसी बीच लगातार हो रही बारिश का असर सोमवार सुबह देखा गया। बांद्रा रेलवे स्टेशन पर ट्रैक पर पानी भर गया। लेकिन, अभी तक ट्रेनों का परिचालन बंद नहीं किया गया है।महाराष्ट्र के भंडारा जिले में भी सुबह से गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो रही है। इसके कारण शहर के शास्त्री चौक इलाके में जगह-जगह जलभराव हो गया है। तेज बारिश होने से महिला समाज स्कूल परिसर में भी पानी भर गया है और यहां का नजारा तालाब की तरह दिखने लगा। जलभराव के कारण छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

30-40 किमी प्रति घंटे की तेज हवा के साथ गरज और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है

बारिश ने मोनोरेल सेवा पर भी असर डाला। बारिश के कारण तकनीकी खराबी के चलते इसके परिचालन में दिक्कतें पैदा हुईं। बीएमसी ने मौसम पूर्वानुमान में शहर और उपनगरों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ सामान्यतः बादल छाए रहने का पूर्वानुमान जताया है। इसी के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की तेज हवा के साथ गरज और बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है। 

भारी बारिश और तेज हवा को देखते हुए मछुआरों को विशेष रूप से सतर्क रहने को कहा गया है

वहीं, भारी बारिश और तेज हवा को देखते हुए मछुआरों को विशेष रूप से सतर्क रहने को कहा गया है। बारिश के दौरान मछली पकड़ने जैसे कार्यों से दूरी बरतने की सलाह दी गई है। वहीं, लोगों से समुद्र किनारे नहीं जाने को कहा गया है। प्रशासन ने कहा है कि लोग मौसम से जुड़ी आधिकारिक जानकारी प्राप्त करते रहें और किसी भी तरह की गलत सूचनाओं से बचें। (इनपुट-आईएएनएस)