वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) ने स्वदेशी तकनीकों के व्यावसायीकरण और औद्योगिक उपयोग को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न उद्योग भागीदारों को कई तकनीकें हस्तांतरित की हैं। इस पहल का उद्देश्य टिकाऊ विकास को प्रोत्साहित करने के साथ प्रयोगशालाओं में विकसित अनुसंधान को बाजार और समाज तक पहुंचाना है।
इस संबंध में नई दिल्ली स्थित सीएसआईआर मुख्यालय में प्रौद्योगिकी हस्तांतरण (टीओटी) और समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम सीएसआईआर की मासिक प्रौद्योगिकी हस्तांतरण पहल के तहत हुआ। इसमें सीएसआईआर-स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग रिसर्च सेंटर (एसईआरसी), चेन्नई; सीएसआईआर-सेंट्रल रोड रिसर्च इंस्टीट्यूट (सीआरआरआई), नई दिल्ली; सीएसआईआर-एडवांस्ड मैटेरियल्स एंड प्रोसेसेज रिसर्च इंस्टीट्यूट (एएमपीआरआई), भोपाल और सीएसआईआर-इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोलियम (आईआईपी), देहरादून की विकसित तकनीकें शामिल रहीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान विभाग (डीएसआईआर) की सचिव और सीएसआईआर की महानिदेशक डॉ. एन. कलईसेल्वी ने की।
बिजली और निर्माण क्षेत्र के लिए स्वदेशी तकनीकें
सीएसआईआर-एसईआरसी की निदेशक डॉ. एन. आनंदवल्ली ने स्वागत भाषण में संरचनात्मक इंजीनियरिंग, बुनियादी ढांचे की सुरक्षा और मजबूती के क्षेत्र में संस्थान के योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने उद्योगों के साथ साझेदारी के जरिए अनुसंधान को व्यावहारिक समाधानों में बदलने की जरूरत बताई।
सीएसआईआर-एसईआरसी ने बुनियादी ढांचे, टिकाऊ निर्माण और सर्कुलर इकोनॉमी से जुड़ी तीन प्रमुख तकनीकें प्रस्तुत कीं।
इनमें पावर लाइनों के लिए इमरजेंसी रिट्रीवल सिस्टम (ईआरएस) शामिल है। यह हल्की और मॉड्यूलर स्वदेशी संरचनात्मक प्रणाली है, जिसका इस्तेमाल बिजली ट्रांसमिशन लाइनों में खराबी या व्यवधान आने पर उन्हें तेजी से बहाल करने के लिए किया जा सकता है। इस तकनीक का हस्तांतरण आईएफएबी ग्लोबल को किया गया है।
संस्थान ने 100 प्रतिशत रिसाइकिल्ड एग्रीगेट और औद्योगिक कचरे से पर्यावरण अनुकूल ईंटें, हॉलो ब्लॉक और पेवर ब्लॉक बनाने की तकनीकें भी नेशनल ऑटोमोटिव टेस्ट ट्रैक्स (नैट्रैक्स) को हस्तांतरित कीं। इनसे प्राकृतिक निर्माण सामग्री पर निर्भरता कम करने और निर्माण एवं विध्वंस से निकलने वाले कचरे के बड़े पैमाने पर उपयोग को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा, अल्ट्रा-हाई-परफॉर्मेंस कंक्रीट (यूएचपीसी) पेवमेंट तकनीक भी नैट्रैक्स को पायलट स्तर पर इस्तेमाल के लिए सौंपी गई। यह तकनीक उच्च मजबूती, टिकाऊपन और भारी वाहनों के भार को सहने की बेहतर क्षमता प्रदान करती है। इससे सड़कों की मरम्मत और रखरखाव की जरूरत कम हो सकती है।
पराली से बनेगा बायो-बिटुमेन
सीएसआईआर-सीआरआरआई के निदेशक डॉ. सी. रवि शेखर ने उद्योगों को हस्तांतरित की जा रही तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने टिकाऊ सड़क निर्माण सामग्री और तकनीक विकसित करने में सीएसआईआर-एएमपीआरआई तथा सीएसआईआर-आईआईपी के साथ किए गए संयुक्त अनुसंधान का भी उल्लेख किया।
सीएसआईआर-सीआरआरआई की माइक्रोरिएक्ट-आरएपी (MicroReAct-RAP™) तकनीक तीन उद्योग भागीदारों को हस्तांतरित की गई। इनमें दिल्ली की इनोवेटिव रोड्जटेक प्राइवेट लिमिटेड, सूरत की एवीके ब्लैकगोल्ड इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड और मुंबई की हिंदुस्तान कोलास प्राइवेट लिमिटेड (हिनकोल) शामिल हैं।
यह तकनीक सड़क की सतह के रखरखाव के लिए टिकाऊ कोल्ड माइक्रो-सरफेसिंग समाधान उपलब्ध कराती है, जिसमें 40 प्रतिशत तक पुनः प्राप्त डामर (रीक्लेम्ड एस्फाल्ट पेवमेंट-आरएपी) का इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे नए एग्रीगेट और बिटुमेन इमल्शन की जरूरत कम होगी तथा सड़क निर्माण सामग्री का दोबारा उपयोग बढ़ेगा।
एक अन्य महत्वपूर्ण तकनीक बायो-बिटुमेन है, जिसे सीएसआईआर-सीआरआरआई और सीएसआईआर-आईआईपी के संयुक्त अनुसंधान से विकसित किया गया है। इसमें धान की पराली सहित कृषि अवशेषों को बायोमास आधारित सामग्री में बदला जाता है, जिसका इस्तेमाल पारंपरिक पेट्रोलियम आधारित बिटुमेन के एक हिस्से के विकल्प के रूप में किया जा सकता है।
इस तकनीक को बिहार की राक्स सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड (बायोभूमि) और कोलकाता की एसएआर परिवहन प्राइवेट लिमिटेड को हस्तांतरित किया गया है।
अनुसंधान और उद्योग सहयोग के लिए दो एमओयू
सीएसआईआर-सीआरआरआई ने अनुसंधान, तकनीकी सहयोग और उद्योगों की भागीदारी को मजबूत करने के लिए दो समझौता ज्ञापनों पर भी हस्ताक्षर किए।
पहला समझौता भारी उद्योग मंत्रालय के राष्ट्रीय ऑटोमोटिव बोर्ड के तहत तमिलनाडु स्थित ग्लोबल ऑटोमोटिव रिसर्च सेंटर (जीएआरसी) के साथ हुआ। इसके तहत संयुक्त अनुसंधान एवं विकास, साझा परीक्षण सुविधाओं, तकनीकी परियोजनाओं, सेमिनार और अकादमिक आदान-प्रदान में सहयोग किया जाएगा। जीएआरसी की ओर से निदेशक डॉ. ए.एस. रामदास ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।
दूसरा एमओयू पटना की पारखी स्किल सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ किया गया। इसके तहत चालक जोखिम आकलन, संज्ञानात्मक और मनोदैहिक मूल्यांकन, फील्ड ट्रायल, शोध प्रकाशन और संबंधित तकनीकों के उपयोग पर संयुक्त रूप से काम किया जाएगा।
प्रयोगशाला से बाजार तक तकनीक पहुंचाने पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. एन. कलईसेल्वी ने कहा कि सीएसआईआर के लिए अधिक से अधिक तकनीकों को उद्योगों तक पहुंचाना जरूरी है, ताकि प्रयोगशालाओं में होने वाला वैज्ञानिक अनुसंधान आर्थिक, औद्योगिक और सामाजिक लाभ में बदल सके।
उन्होंने कहा कि तकनीक विकसित करने के साथ उसके औद्योगिक उपयोग, व्यावसायीकरण और बड़े पैमाने पर उत्पादन के लिए प्रभावी व्यवस्था भी जरूरी है। मासिक प्रौद्योगिकी हस्तांतरण पहल सीएसआईआर की प्रयोगशालाओं और उद्योगों के बीच सहयोग को मजबूत करने तथा नवाचारों को प्रयोगशाला से बाजार तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मंच है।
कार्यक्रम का समापन सीएसआईआर-एएमपीआरआई के निदेशक डॉ. थल्लादा भास्कर के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने सीएसआईआर की महानिदेशक, संबंधित प्रयोगशालाओं, उद्योग भागीदारों और अन्य हितधारकों का आभार व्यक्त किया। (इनपुट-पीआईबी)


