सीडब्ल्यूजी 2026: पीएम मोदी ने गावित-बासिल की ऐतिहासिक 1-2 फिनिश को सराहा, श्रीशंकर को भी दी बधाई

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पैरा-एथलीट दिलीप महादु गावित और मोहम्मद बासिल मोर्सिंगनाकाथी को पुरुषों की टी47 100 मीटर स्पर्धा में क्रमशः गोल्ड और सिल्वर मेडल जीतने पर बधाई दी। प्रधानमंत्री ने पुरुषों की लॉन्ग जंप स्पर्धा में लगातार दूसरी बार सिल्वर मेडल जीतने वाले मुरली श्रीशंकर की भी जमकर सराहना की।

गावित और बासिल ने दिलाई ऐतिहासिक 1-2 फिनिश

दिलीप महादु गावित ने पुरुषों की टी47 100 मीटर स्पर्धा में 10.71 सेकंड के गेम्स रिकॉर्ड समय के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि मोहम्मद बासिल मोर्सिंगनाकाथी ने 10.83 सेकंड के अपने सत्र के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ भारत ने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में इस स्पर्धा में ऐतिहासिक 1-2 फिनिश दर्ज की।

पीएम मोदी ने गावित के प्रदर्शन को बताया शानदार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर दिलीप महादु गावित को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने पुरुषों की टी47 100 मीटर स्पर्धा में शानदार समय के साथ स्वर्ण पदक जीतकर नया गेम्स रिकॉर्ड बनाया और अपना सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि गावित की रफ्तार, दृढ़ संकल्प और लगन ने देश का गौरव बढ़ाया है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

मोहम्मद बासिल की मेहनत और जज्बे की भी सराहना

पीएम मोदी ने मोहम्मद बासिल मोर्सिंगनाकाथी को रजत पदक जीतने पर बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने शानदार स्प्रिंट और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए हासिल की गई यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत और फोकस का परिणाम है तथा भविष्य में भी उनसे ऐसी ही उपलब्धियों की उम्मीद है।

लगातार दूसरे कॉमनवेल्थ गेम्स में श्रीशंकर का सिल्वर

प्रधानमंत्री ने भारतीय लॉन्ग-जंपर मुरली श्रीशंकर को भी बधाई दी, जिन्होंने पुरुषों की लॉन्ग जंप स्पर्धा में 8.09 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाकर सिल्वर मेडल जीता। यह इस स्पर्धा में उनका लगातार दूसरा कॉमनवेल्थ गेम्स सिल्वर है। इससे पहले उन्होंने बर्मिंघम 2022 में 8.08 मीटर की छलांग के साथ रजत पदक अपने नाम किया था।

श्रीशंकर की उपलब्धि से युवा होंगे प्रेरित : प्रधानमंत्री

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि श्रीशंकर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया और सिल्वर मेडल जीता। उन्होंने विश्वास जताया कि श्रीशंकर की सफलता देश के युवाओं को एथलेटिक्स में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

अमित शाह ने भी खिलाड़ियों को दी बधाई

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी दिलीप महादु गावित, मोहम्मद बासिल मोर्सिंगनाकाथी और मुरली श्रीशंकर को उनकी उपलब्धियों पर बधाई दी। उन्होंने गावित और बासिल की सफलता को भारत के लिए “दोहरी जीत” बताते हुए कहा कि दोनों खिलाड़ियों की गति, खेल भावना और प्रदर्शन ने देश को गौरवान्वित किया है। वहीं, श्रीशंकर की सराहना करते हुए शाह ने कहा कि उनके दृढ़ संकल्प और शानदार प्रदर्शन ने भारत का मान बढ़ाया है तथा उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। (इनपुट: आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

4 hours ago | Asmita Dey

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: अस्मिता और हर्ष के ऐतिहासिक स्वर्ण पर पीएम मोदी और उपराष्ट्रपति ने दी बधाई

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के जूडो खिलाड़ियों अस्मिता डे और हर्ष सिंह ने इतिहास रचते हुए देश को...

5 hours ago | Asmita Dey

कॉमनवेल्थ गेम्स में जूडो से भारत की झोली में दूसरा स्वर्ण, हर्ष सिंह बने चैंपियन

भारत के हर्ष सिंह ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पुरुषों के 60 किग्रा जूडो वर्ग का स्वर्ण पदक जीत लिया।...