प्रतिक्रिया | Sunday, July 06, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

Deepawali: दीपावली की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु देशवासियों को शुभकामनाएं दी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बुधवार को दीपावली की पूर्व संध्या पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि अच्छाई में आस्था रखते हुए भारत की गौरवशाली संस्कृति पर गर्व करें और एक स्वस्थ, समृद्ध और संवेदनशील समाज के निर्माण तथा प्रदूषण मुक्त दीपावली मनाने का संकल्प लें।

राष्ट्रपति ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि दीपावली के शुभ अवसर पर मैं भारत और विदेशों में रह रहे सभी भारतीयों को बधाई और शुभकामनाएं देती हूं।

दीपावली खुशियों और उमंग का त्योहार है। यह पर्व अंधकार पर प्रकाश और अधर्म पर धर्म की विजय का उत्सव है। यह त्योहार देश-विदेश में विभिन्न समुदायों और वर्गों द्वारा उल्लास से मनाया जाता है। यह पर्व एक उज्जवल भविष्य के लिए आशा का संचार करता है।

उन्होंने कहा कि दीपावली के पावन अवसर पर हमें अपने अंतःकरण को आलोकित करने और प्रेम, करुणा तथा सामाजिक सद्भाव जैसी सद्वृतियों को अपनाने का निश्चय करना चाहिए। यह पर्व वंचित और जरूरतमंदों की सहायता करने और उनके साथ खुशियां बांटने का अवसर भी है।

बता दें कि इस बार दीपावली की तारीख को लेकर कई लोगों में संशय था। फिलहाल सभी तरह के संशय पर विराम लग चुका है और देश के अधिकांश हिस्सों में 31 अक्टूबर को दीपावली मनाई जाएगी। दरअसल, 31 अक्टूबर को दोपहर 3:24 के बाद अमावस्या प्रवेश कर रही है, इसी दिन संध्या काल प्रदोष के समय में महालक्ष्मी पूजन के साथ दीपावली, उल्काभ्रमण सहित देवी देवताओं के पूजन संपन्न होंगे। वहीं अन्नकूट, गोवर्धन पूजा 02 नवंबर शनिवार को और भाई दूज एवं चित्रगुप्त पूजा 03 नवंबर रविवार को मनाई जाएगी।

आगंतुकों: 32133660
आखरी अपडेट: 6th Jul 2025