‘फिट इंडिया-संडे ऑन साइकिल’ अभियान के तहत आज रविवार को देश के अलग-अलग शहरों में स्वास्थ्य और फिटनेस को लेकर खास आयोजन किए गए। इन कार्यक्रमों में स्थानीय प्रशासन, पुलिस बल और नामचीन एथलीट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। राजधानी दिल्ली में यह कार्यक्रम सुबह इंदिरा गांधी स्टेडियम से शुरू हुआ। इसमें दिल्ली पुलिस ने विशेष भागीदारी की। कार्यक्रम में बॉक्सिंग अंडर-19 गोल्ड मेडलिस्ट कृषा वर्मा और वेटलिफ्टिंग जूनियर एशियन चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता अनन्या पाटिल भी शामिल हुईं। कृषा वर्मा ने कहा कि एथलीट होने के नाते वे हमेशा फिट रहते हैं, लेकिन हर किसी को फिट रहना चाहिए। अनन्या पाटिल ने कहा कि कार्यक्रम का माहौल बहुत अच्छा है और यह ‘फिट इंडिया’ पहल बहुत सराहनीय है। दिल्ली पुलिस के एक जवान ने भी मुहिम का समर्थन किया और बताया कि इसका उद्देश्य मोटापे से निपटना है।
दिल्ली के अलावा अन्य शहरों में भी यह मुहिम जोश और जागरूकता के साथ मनाई गई। गुजरात में अहमदाबाद रूरल पुलिस ने 100 से अधिक लोगों के साथ लगभग 5 किलोमीटर लंबी साइकिल यात्रा का आयोजन किया। इसमें सुरक्षा और आयोजन की व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया। पुलिस उपाधीक्षक आस्था राणा ने कहा कि भारत सरकार के फिट इंडिया मिशन के तहत साइक्लोथॉन रैली, योग, जुंबा और रोप स्किपिंग सत्र का आयोजन किया गया है।
राजस्थान के नागौर में पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में योग और साइकिल रैली का आयोजन हुआ। सुबह शुरू हुआ यह कार्यक्रम स्टेडियम से पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक गया। बारिश के बावजूद पुलिस अधिकारी और जवानों ने योगाभ्यास किया और साइकिल रैली में भाग लिया। सीकर पुलिस ने भी युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय के दिशा-निर्देशानुसार ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ रैली का आयोजन किया। रैली से पहले अधिकारियों और कर्मचारियों ने योग, जुंबा और स्किपिंग का अभ्यास किया। इसके बाद जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।-(IANS)


