Print

ऑपरेशन कैक्टस से सिंदूर तक, समुद्री निगरानी में नौसेना का पांच दशक का सफर

भारतीय नौसेना ने बुधवार को लंबी दूरी की समुद्री निगरानी (एलआरएमआर) अभियानों के 50 वर्ष पूरे होने पर स्वर्ण जयंती मनाई। यह उपलब्धि भारतीय नौसेना वायु स्क्वाड्रन आईएनएएस 312 ‘अल्बाट्रॉस’ की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के साथ जुड़ी है। यह अवसर भारत की समुद्री सुरक्षा के लिए पांच दशकों से जारी हवाई निगरानी और सतर्कता को समर्पित है।

वर्ष 1971 के युद्ध के बाद नौसेना को ऐसे समुद्री गश्ती विमानों की जरूरत महसूस हुई, जो जहाजों और हेलीकॉप्टरों के साथ मिलकर काम कर सकें। इसके बाद लंबी दूरी की समुद्री निगरानी की जिम्मेदारी नौसेना ने संभाली। 18 नवंबर 1976 को गोवा स्थित आईएनएस हंसा में आईएनएएस 312 की स्थापना की गई थी। इस स्क्वाड्रन को भारतीय वायु सेना से हस्तांतरित पांच लॉकहीड सुपर कॉन्स्टेलेशन विमानों के साथ शुरू किया गया था।

वर्ष 1977 में इल्यूशिन आईएल-38 विमानों को शामिल किए जाने से नौसेना की समुद्री निगरानी और पनडुब्बी रोधी युद्ध क्षमता मजबूत हुई। इसके बाद 1988 में आईएनएएस 312 में टुपोलेव टीयू-142एम विमानों को शामिल किया गया, जिससे हिंद महासागर क्षेत्र में नौसेना की निगरानी क्षमता और दूरी तक विस्तारित हुई।

वर्ष 2013 में अरक्कोनम स्थित आईएनएस राजाली में बोइंग पी-8आई विमानों को शामिल करना इस दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि रही। इन विमानों ने व्यापक क्षेत्र में खुफिया जानकारी जुटाने, निगरानी एवं टोही, पनडुब्बी रोधी युद्ध और समुद्री हमले की क्षमताओं को बढ़ाया।

पिछले पांच दशकों में नौसेना के लंबी दूरी के समुद्री निगरानी विमानों ने ऑपरेशन कैक्टस, ऑपरेशन विजय, ऑपरेशन पराक्रम और ऑपरेशन सिंदूर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके अलावा, इन विमानों ने समुद्री डकैती रोधी अभियानों और खोज एवं बचाव मिशनों में भी सहयोग दिया है।

वर्तमान में अरक्कोनम स्थित आईएनएस राजाली के आईएनएएस 312 और गोवा स्थित आईएनएस हंसा के आईएनएएस 316 के पी-8आई विमान हिंद महासागर और उससे आगे के समुद्री क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रहे हैं। इनका उद्देश्य भारत के समुद्री हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

नौसेना की स्वर्ण जयंती पांच दशकों में इस क्षमता को विकसित और मजबूत करने वाले नौसैनिक विमान चालकों, मिशन कर्मियों, रखरखाव दल और सहयोगी कर्मचारियों के समर्पण एवं पेशेवर प्रतिबद्धता को सम्मानित करती है।

-(इनपुटः पीआईबी)