राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी का असर अब लोगों की सेहत पर भी साफ दिखाई देने लगा है। दिल्ली के राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल में पिछले दो दिनों के दौरान हीट स्ट्रोक के दो गंभीर मरीज भर्ती किए गए हैं। दोनों मरीजों का इलाज विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में किया जा रहा है।
ट्रेन यात्रा के दौरान बिगड़ी छात्र की हालत
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, पहला मामला 24 वर्षीय एक छात्र का है, जिसे बुधवार देर रात करीब 1:45 बजे अस्पताल लाया गया। बताया गया कि युवक ट्रेन से यात्रा कर रहा था। अस्पताल पहुंचने के समय उसके शरीर का तापमान 105 डिग्री फ़ारेनहाइट से अधिक दर्ज किया गया।
चिकित्सकों ने तुरंत इमर्शन कूलिंग तकनीक के जरिए उसका उपचार शुरू किया। प्रारंभिक जांच में किसी अन्य गंभीर बीमारी की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, छात्र की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उसे लगातार चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
बेहोशी की हालत में मिला दूसरा मरीज
दूसरा मामला गुरुवार सुबह करीब 10:45 बजे सामने आया। लगभग 50 वर्षीय एक व्यक्ति को पुलिस बेहोशी की हालत और अत्यधिक शरीर के तापमान के साथ अस्पताल लेकर पहुंची। डॉक्टरों ने मरीज को तत्काल इंट्यूबेट कर वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा और बर्फ जैसे ठंडे पानी से इमर्शन कूलिंग उपचार शुरू किया। फिलहाल उसकी हालत भी गंभीर बनी हुई है।
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, मरीज के साथ कोई परिजन मौजूद नहीं था। ऐसे में उसकी पहचान, पता और पूर्व स्वास्थ्य संबंधी जानकारी अभी तक सामने नहीं आ सकी है।
चिकित्सकों ने जारी की सावधानी बरतने की सलाह
चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि भीषण गर्मी के दौरान अनावश्यक रूप से धूप में निकलने से बचें। साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और शरीर में कमजोरी, चक्कर, तेज बुखार या बेहोशी जैसे हीट स्ट्रोक के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें।


