पाकिस्तान सेना प्रमुख की परमाणु युद्ध धमकी पर भारत का पलटवार, कहा -ब्लैकमेल के आगे नहीं झुकेंगे

भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) ने आज सोमवार को पाकिस्तान सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर के हालिया बयानों पर कड़ा जवाब दिया। ये बयान मुनीर ने अपनी अमेरिकी यात्रा के दौरान दिए थे। MEA के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “न्यूक्लियर धमकी देना पाकिस्तान की आदत है। ऐसे गैर-जिम्मेदाराना बयान अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सामने यह साबित करते हैं कि वहां की परमाणु कमान और नियंत्रण की विश्वसनीयता पर संदेह वाजिब है, खासकर तब जब सेना आतंकवादी संगठनों के साथ मिली हुई है।” प्रवक्ता ने यह भी कहा कि यह अफसोसजनक है कि ऐसे बयान एक “मित्र देश” की धरती से दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत परमाणु ब्लैकमेल के आगे नहीं झुकेगा और अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाता रहेगा।

इसके बावजूद, जनरल मुनीर ने भारत को फिर से धमकी दी कि यदि भविष्य में पाकिस्तान के अस्तित्व को खतरा हुआ तो वह पूरे क्षेत्र को परमाणु युद्ध में झोंक सकता है और “लगभग आधी दुनिया” को अपने साथ ले डूबेगा। उन्होंने कहा कि अगर भारत सिंधु नदी पर बांध बनाता है, तो पाकिस्तान उसे नष्ट कर देगा। उन्होंने कश्मीर को पाकिस्तान की ‘जुगुलर वेन’ (जीवन रेखा) बताते हुए कहा कि यह न तो भारत का आंतरिक मामला है और न ही सुलझा हुआ मुद्दा, बल्कि एक अंतरराष्ट्रीय मसला है। पाकिस्तान के मीडिया आउटलेट एआरवाई न्यूज के मुताबिक, उन्होंने फ्लोरिडा के टैम्पा में पाकिस्तानी-अमेरिकी समुदाय से कहा, “हम इंतजार करेंगे कि भारत बांध बनाए, और जैसे ही वे बनाएंगे, हम उन्हें नष्ट कर देंगे।” वॉशिंगटन डीसी में एक ब्लैक-टाई डिनर के दौरान, जो पाकिस्तान के मानद वाणिज्य दूत अदनान असद द्वारा आयोजित था, मुनीर ने कहा कि सिंधु नदी “भारतीयों की निजी संपत्ति नहीं है” और पाकिस्तान के पास भारत की योजनाओं को नाकाम करने के पर्याप्त संसाधन हैं।

जनरल मुनीर ने भारत पर “ऑपरेशन सिंदूर” के तहत आक्रामकता का आरोप लगाते हुए इसे पाकिस्तान की संप्रभुता का गंभीर उल्लंघन बताया और चेतावनी दी कि किसी भी गलती से पैदा हुआ द्विपक्षीय संघर्ष भारत की ओर से एक “बड़ा मूर्खतापूर्ण कदम” होगा। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान की प्रतिक्रिया ने व्यापक संघर्ष को रोका और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को तनाव कम करने में भूमिका निभाने के लिए धन्यवाद दिया।

पहलगाम हमले से पहले ही भारत ने मुनीर के कश्मीर को “पाकिस्तान की जुगुलर वेन” बताने वाले बयान को खारिज कर दिया था और कहा था कि पाकिस्तान का कश्मीर से एकमात्र संबंध यही है कि उसे अवैध कब्जे वाला क्षेत्र खाली करना होगा। इस बीच, मुनीर ने बीते सप्ताहांत अमेरिका के दो शहरों का दौरा किया और रविवार को ब्रुसेल्स रवाना हो गए। यह पिछले दो महीनों में उनकी दूसरी हाई-प्रोफाइल अमेरिका यात्रा थी, जिसमें उन्होंने वहां की राजनीतिक और सैन्य नेतृत्व से मुलाकात की। -(ANI)

RELATED ARTICLES

6 mins ago

HAL ने की 2,000वें एयरो-इंजन की डिलीवरी, अगला लक्ष्य 10 हजार इंजनः रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ने मंगलवार को भारत की एयरो-इंजन क्षेत्र में एक महत्वपूर...

27 mins ago | Cotton Export from India

विश्व कपास दिवस : खेत से करघे तक समृद्धि और आत्मनिर्भरता की कहानी

सभ्यताएं बदलीं, पहनावे के रंग और रूप बदले, समय के दौर भी ढले, पर माटी से उपजे कपास के सूत की कोमलता ...