इंडिया पोस्ट की रिकॉर्ड कमाई, पहली तिमाही में 22.2% बढ़ा कारोबार: ज्योतिरादित्य सिंधिया

भारत पोस्ट (इंडिया पोस्ट) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में पहली बार 4,000 करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार दर्ज कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने विज्ञान भवन में आयोजित तिमाही बिजनेस रिव्यू बैठक में बताया कि इंडिया पोस्ट ने पहली तिमाही में 4,008.95 करोड़ रुपए का कारोबार किया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की तुलना में 22.2% अधिक है।

‘डाक सेवा, जन सेवा’ के मंत्र के साथ आगे भी बनेगा नया इतिहास

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इंडिया पोस्ट के आधुनिकीकरण और भविष्य के लिए तैयार संगठन बनाने की दिशा में किए गए प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि इंडिया पोस्ट ‘डाक सेवा, जन सेवा’ के मूल मंत्र के साथ आगे भी नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।

23 सर्किलों के प्रदर्शन और रणनीतिक रोडमैप की हुई समीक्षा

विज्ञान भवन में आयोजित बिजनेस रिव्यू बैठक में देशभर के इंडिया पोस्ट के 23 सर्किलों के प्रदर्शन की समीक्षा की गई। बैठक में पहली तिमाही के कारोबार का आकलन करने के साथ-साथ वित्त वर्ष 2026-27 के लिए रणनीतिक रोडमैप और भविष्य की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई।

30% वार्षिक वृद्धि लक्ष्य की मजबूत शुरुआत

संचार राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी ने कहा कि पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही में विभाग का राजस्व लगभग 3,280 करोड़ रुपए था, जो इस वर्ष बढ़कर 4,000 करोड़ रुपए से अधिक हो गया है। उन्होंने कहा कि करीब 22% की वार्षिक वृद्धि विभाग के 30% वार्षिक वृद्धि लक्ष्य की दिशा में मजबूत शुरुआत है।

कई सर्किलों का उत्कृष्ट प्रदर्शन

बैठक के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले सर्किलों और इकाइयों को सराहा गया। आंध्र प्रदेश पोस्टल सर्किल ने अपने तिमाही कारोबारी लक्ष्य का 100% से अधिक हासिल किया। बिहार और तमिलनाडु सर्किलों ने पार्सल व्यवसाय में लक्ष्य से बेहतर प्रदर्शन किया, जबकि मेल ऑपरेशंस में आंध्र प्रदेश ने 100% से अधिक लक्ष्य प्राप्त किया। नागरिक-केंद्रित सेवाओं में पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश सर्किलों को सम्मानित किया गया। पोस्ट ऑफिस सेविंग्स बैंक श्रेणी में छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और झारखंड ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया, जबकि डाक जीवन बीमा (PLI/RPLI) श्रेणी में पश्चिम बंगाल और जम्मू-कश्मीर सर्किलों ने उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल की। (इनपुट: आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

4 mins ago | banking sector

सरकार ने आईडीबीआई बैंक के रणनीतिक पुनर्गठन को दी मंजूरी

आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने आईडीबीआई बैंक लिमिटेड के रणनीतिक पुनर्गठन को म...

36 mins ago | Anita Anand

प्रधानमंत्री मोदी से मिलीं कनाडाई विदेश मंत्री अनीता आनंद, व्यापार-तकनीक समेत कई मुद्दों पर चर्चा

कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरा...