भारत के पास सीजन के अंत तक होगा 52 लाख टन चीनी का बफर स्टॉक : ISMA

भारतीय चीनी एवं जैव ऊर्जा उत्पादक संघ (ISMA) के मुताबिक भारत में 2024-25 का चीनी सीजन करीब 261 से 262 लाख टन शुद्ध उत्पादन के साथ समाप्त होगा। वहीं देश के पास 52 लाख टन का बफर स्टॉक बना रहेगा, जो घरेलू मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त है। ISMA ने आज शुक्रवार को बताया कि 15 मई तक इस सीजन में अब तक 257.44 लाख टन चीनी का उत्पादन हो चुका है जबकि तमिलनाडु और कर्नाटक में विशेष पेराई सत्र से अतिरिक्त 4 से 5 लाख टन चीनी के उत्पादन की संभावना है।

सीजन की शुरुआत में देश के पास 80 लाख टन का शुरुआती स्टॉक था। ISMA ने बताया कि 280 लाख टन की अनुमानित घरेलू खपत और 9 लाख टन तक के निर्यात को ध्यान में रखते हुए, सीजन के अंत तक 52 से 53 लाख टन का स्टॉक बचेगा, जो एक “संतोषजनक बफर” के रूप में देखा जा रहा है। ISMA के मुताबिक इस सीजन में 30 अप्रैल 2025 तक 27 लाख टन चीनी को एथनॉल उत्पादन के लिए डायवर्ट किया गया है। आने वाले महीनों में 6 से 7 लाख टन अतिरिक्त चीनी भी एथनॉल के लिए डायवर्ट किए जाने की उम्मीद है।

वर्तमान में देशभर में दो चीनी मिलें अब भी चालू हैं, जो तमिलनाडु में स्थित हैं, जहां मुख्य पेराई सत्र अभी भी जारी है। इसके अलावा, दक्षिण कर्नाटक और तमिलनाडु में जून-जुलाई से सितंबर तक चलने वाले विशेष पेराई सत्र के दौरान कई फैक्ट्रियां फिर से शुरू होंगी, जिससे लगभग 4 से 5 लाख टन अतिरिक्त चीनी उत्पादन की उम्मीद है। ISMA ने आगे बताया कि आने वाला 2025–26 चीनी सीजन भी आशाजनक दिखाई दे रहा है। महाराष्ट्र और कर्नाटक जैसे दक्षिणी राज्यों में अच्छे मानसून के कारण गन्ना रोपण में काफी सुधार हुआ है। इससे अक्टूबर 2025 में पेराई सत्र की समय पर शुरुआत संभव हो सकेगी।

उधर उत्तर भारत, खासकर उत्तर प्रदेश में, नए किस्मों के गन्ने की खेती से बेहतर उपज और अधिक शक्कर निकासी दर की उम्मीद है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और स्काइमेट दोनों की भविष्यवाणी है कि 2025 का दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य रहेगा, जिससे फसल की सेहत और उत्पादन बेहतर होने की संभावना है। ISMA का कहना है कि इन सभी सकारात्मक संकेतों से आने वाले चीनी सीजन के मजबूत और उत्पादक होने की उम्मीद बढ़ गई है।-(IANS)

RELATED ARTICLES

13/10/26 | 11:18 am | Shivraj Singh Chouhan

केंद्र सरकार ने गन्ना किसानों के हितों की रक्षा के लिए 1 हफ्ते में उच्चस्तरीय कमेटी बनाने का ऐलान किया

किसानों को तत्काल और प्रभावी राहत देने के लिए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिं...

07/10/26 | 12:02 am | Cotton Export from India

विश्व कपास दिवस : खेत से करघे तक समृद्धि और आत्मनिर्भरता की कहानी

सभ्यताएं बदलीं, पहनावे के रंग और रूप बदले, समय के दौर भी ढले, पर माटी से उपजे कपास के सूत की कोमलता ...