05/03/25 | 9:20 am | US President Donald Trump

Print

अमेरिकी संसद का संयुक्त सत्र, राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा – हमारे देश का सुनहरा दौर आ गया वापस

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि अमेरिका का सुनहरा दौर लौट चुका है। ट्रंप ने दावा किया कि 43 दिनों में उन्होंने वह कर दिखाया जो अब तक कोई सरकार नहीं कर पाई।

संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “छह हफ्ते पहले, मैंने इस कैपिटल के गुंबद के नीचे खड़े होकर कहा था कि अमेरिका का सुनहरा दौर शुरू हो रहा है। तब से लेकर अब तक, हमने तीव्र गति से बिना रुके काम किया है, ताकि देश के इतिहास का सबसे कामयाब और शानदार दौर लाया जा सके। पिछले 43 दिनों में जो हमने काम किया है, वह कई सरकारें कई साल में नहीं कर पाईं। अमेरिका वापस आ गया है। यह तो बस शुरुआत है।”

ट्रंप ने आगे कहा, “मैं आज रात हाउस चैंबर में यह बताने के लिए लौटा हूं कि अमेरिका की रफ्तार फिर से लौट आई है, हमारी ताकत वापस आ गई है, हमारा गर्व लौट आया है, हमारा आत्मविश्वास फिर से ऊंचा है, और अमेरिकी सपना पहले से बड़ा और बेहतर हो रहा है।”

राष्ट्रपति ट्रंप ने 100 एग्जिक्यूटिव ऑर्डर्स का भी जिक्र किया। कहा, “मैंने अब तक लगभग 100 एग्जीक्यूटिव ऑर्डर्स पर साइन किए हैं और छह हफ्ते पहले पद संभालने के बाद 400 से ज्यादा कार्यकारी कदम उठाए हैं।” उनके मुताबिक जॉर्ज वाशिंगटन का कार्यकाल ‘नंबर दो’ था, जबकि उनका सबसे ऊपर है।

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा, “पद की शपथ लेने के कुछ ही घंटों के भीतर, मैंने हमारी दक्षिणी सीमा पर राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा कर दी। मैंने हमारे देश पर आक्रमण को रोकने के लिए अमेरिकी सेना और सीमा गश्ती दल को तैनात किया और उन्होंने क्या शानदार काम किया है! नतीजतन, पिछले महीने अवैध सीमा पार करने की घटनाएं अब तक की सबसे कम रिकॉर्ड की गईं, इसकी तुलना में, अमेरिकी इतिहास के सबसे खराब राष्ट्रपति जो बाइडेन के कार्यकाल में हर महीने सैकड़ों हज़ारों अवैध क्रॉसिंग होती थीं।”

ट्रंप ने डेमोक्रेटिक सांसदों की ओर देखते हुए कहा, ‘मैं जानता हूं कि मैं यहां कुछ भी कह दूं, इससे न तो ये खुश होंगे, न खड़े होंगे, न मुस्कुराएंगे और न ही तालियां बजाएंगे।’

 

RELATED ARTICLES

4 hours ago | cultural cooperation

निवेश, पर्यटन और संस्कृति के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाएंगे भारत और यूएई

भारत और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने निवेश संबंधों को मजबूत करने, आर्थिक सहयोग बढ़ाने और सांस्कृ...

6 hours ago | Girmitiya Labourers

गिरमिटिया मजदूरों की संघर्षगाथा : उम्मीद, धोखे, अस्मिता और हौसले की अनकही दास्तान

इतिहास के कुछ पन्ने जहां मन को भावुक कर जाते हैं, वहीं दूसरी ओर इंसान के अदम्य संघर्ष और हौसले पर ...