प्रतिक्रिया | Friday, July 26, 2024

विदेश मंत्रालय में आर्थिक संबंध मामलों के सचिव रवांडा, युगांडा और केन्या की यात्रा पर

विदेश मंत्रालय में आर्थिक संबंध मामलों के सचिव दम्मू रवि रविवार 7 अप्रैल से 12 अप्रैल तक अफ्रीकी देशों रवांडा, युगांडा और केन्या की यात्रा करेंगे। विदेश मंत्रालय ने शनिवार को यह जानकारी दी।

विदेश मंत्रालय के अनुसार इस यात्रा का उद्देश्य अफ्रीकी संघ (एयू) के भारत की अध्यक्षता के दौरान जी20 में स्थायी सदस्य के रूप में शामिल होने के बाद भारत और अफ्रीकी देशों के बीच उच्च स्तरीय संबंधों को मजबूत बनाये रखना है।

रवांडा में, दम्मू रवि रविवार (7 अप्रैल 2024) को ‘‘1994 के रवांडा नरसंहार (क्विबुका 30) की 30वीं बरसी’’ के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में भारत सरकार का प्रतिनिधित्व करेंगे। यात्रा के दौरान उनके रवांडा सरकार के मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करने की भी उम्मीद है।

आर्थिक संबंध मामलों के सचिव दम्मू रवि 08-09 अप्रैल 2024 तक युगांडा की यात्रा करेंगे। वह 35 सदस्यीय बहु-क्षेत्रीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे, जिसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापार और वाणिज्यिक संबंधों को बढ़ाना है। मंत्रालय ने बताया रवि के युगांडा में भारतीय समुदाय के साथ बातचीत करने की भी उम्मीद है।

विदेश मंत्रालय के मुताबिक वह कृषि मंत्रालय, भारतीय कृषि कंपनियों और व्यापार मंडलों के अधिकारियों वाले एक बड़े प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए 10-12 अप्रैल तक केन्या की यात्रा करेंगे। यह यात्रा दिसंबर 2023 में केन्या के राष्ट्रपति की भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके बीच हुई बैठक में लिये गये निर्णय के अनुरूप होगी।

विदेश मंत्रालय के अनुसार दम्मू रवि की इस यात्रा से तीन अफ्रीकी देशों के साथ मित्रतापूर्ण संबंधों को और मजबूत मिलेगी।

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 5516821
आखरी अपडेट: 26th Jul 2024