भारत और ग्रीस ने रक्षा सहयोग को मजबूत करने की दिशा में नई पहल तलाशने और संयुक्त रक्षा उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए औद्योगिक रोडमैप तैयार करने पर सहमति जताई है। गुरुवार को एथेंस स्थित हेलेनिक आर्मी अकादमी में आयोजित रक्षा सहयोग पर दूसरे संयुक्त कार्य समूह (JWG) की बैठक में दोनों देशों ने क्षमता निर्माण, प्रशिक्षण, क्षेत्रीय सुरक्षा, रक्षा उद्योग और समुद्री सहयोग से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की।
बैठक की सह-अध्यक्षता भारत के रक्षा मंत्रालय में अंतरराष्ट्रीय सहयोग के संयुक्त सचिव अमित तेलंग और ग्रीस के राजदूत मिशेल स्पिनेलिस ने की। रक्षा मंत्रालय के जनसंपर्क निदेशालय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बताया कि दोनों पक्षों ने मौजूदा रक्षा सहयोग की समीक्षा की और आपसी हित के क्षेत्रों में संयुक्त उद्यम, सह-उत्पादन तथा संयुक्त विकास को बढ़ावा देने के लिए औद्योगिक रोडमैप तैयार करने पर सहमति जताई।
इससे पहले बुधवार को भारत के रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने एथेंस में ग्रीस के राष्ट्रीय रक्षा उपमंत्री अथानासियोस दावाकिस से मुलाकात की। इस बैठक में दोनों देशों ने रक्षा सहयोग का विस्तार करने और नीति नियोजन, संयुक्त स्टाफ वार्ता तथा रक्षा उद्योग में सहयोग को प्राथमिकता देने पर सहमति व्यक्त की।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, दोनों पक्षों ने क्षमता निर्माण, संयुक्त सैन्य अभ्यास और नियमित द्विपक्षीय संवाद को भी रक्षा सहयोग का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। इन प्रयासों का उद्देश्य दोनों देशों के बीच रक्षा संबंधों को और मजबूत करना है।
राजेश कुमार सिंह ने ग्रीस के विदेश मंत्रालय की स्थायी उपमंत्री एलेक्जेंड्रा पापाडोपोलू से भी मुलाकात की। इस दौरान भारत-ग्रीस रक्षा और रणनीतिक साझेदारी के बदलते स्वरूप के साथ द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ।
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि भारत और ग्रीस प्रमुख समुद्री देश हैं और दोनों समुद्री सुरक्षा सहयोग का विस्तार करने को विशेष महत्व देते हैं। दोनों देशों ने समुद्री क्षेत्र और रक्षा उद्योग में द्विपक्षीय साझेदारी को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
अपनी आधिकारिक यात्रा की शुरुआत में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने बुधवार को एथेंस के ऐतिहासिक सिंटाग्मा स्क्वायर स्थित हेलेनिक सशस्त्र बलों के अज्ञात सैनिक के स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने शहीद सैनिकों के साहस और बलिदान को श्रद्धांजलि दी।
-(इनपुटः आईएएनएस)


