आयरलैंड की स्टार ऑलराउंडर ऑरला प्रेंडरगास्ट को अगस्त 2025 के लिए आईसीसी वुमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया है। 23 साल की प्रेंडरगास्ट ने इस सम्मान के लिए नीदरलैंड्स की ऑलराउंडर आइरिस ज़्विलिंग और पाकिस्तान की विकेटकीपर मुनीबा अली को पीछे छोड़ा।
प्रेंडरगास्ट ने पाकिस्तान के खिलाफ अगस्त में खेले गए टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था। इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उन्होंने कहा, “मैं इस अवॉर्ड को पाकर बेहद खुश हूं। आईसीसी और मुझे वोट देने वाले सभी का धन्यवाद करती हूं। मैं अपनी टीम के साथियों और सपोर्ट स्टाफ का भी आभार मानती हूं, जिनकी मेहनत से हमें इस गर्मी में कई अहम सीरीज जीतने में सफलता मिली।”
उन्होंने बताया कि पाकिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज जीतना उनके लिए इस सीज़न की सबसे बड़ी उपलब्धि रही। इसके अलावा, टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 और वनडे सीरीज में भी जीत दर्ज की और यूरोपियन टी20 क्वालिफ़ायर्स में क्लीन स्वीप किया।
प्रेंडरगास्ट ने कहा कि टीम अब इन सफलताओं को आगे बढ़ाते हुए विंटर सीरीज और जनवरी में होने वाले ग्लोबल टी20 क्वालिफ़ायर्स पर ध्यान केंद्रित करेगी।
उन्होंने आईसीसी की तारीफ़ करते हुए कहा, “आईसीसी ने महिलाओं के क्रिकेट की पहचान और प्रोफ़ाइल बढ़ाने के लिए बेहतरीन काम किया है। यह अवॉर्ड मेरे लिए बहुत मायने रखता है और उस फैसले को सही ठहराता है, जो मैंने पाँच साल पहले क्रिकेट को करियर बनाने के लिए लिया था।”
उन्होंने कहा कि जब वह छोटी थीं, तब महिलाओं के पास क्रिकेट को करियर बनाने का विकल्प नहीं था। “आज की लड़कियाँ टीवी, ऑनलाइन और स्टेडियम में महिला क्रिकेट को देख सकती हैं। यह दृश्यता खेल में रुचि और भागीदारी को बढ़ाने के लिए बहुत ज़रूरी है। ऐसे अवॉर्ड्स महिलाओं के क्रिकेट की बढ़ती पहचान को और मजबूत करते हैं। मैं आईसीसी का धन्यवाद करती हूं, जो लगातार महिला क्रिकेट को बढ़ावा दे रहा है और महिला खिलाड़ियों की प्रोफ़ाइल को दुनिया भर में ऊँचाई दे रहा है।”
– (इनपुट : आईएएनएस)


