प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (MSME) मंत्री, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के नेता जीतन राम मांझी के जन्मदिन पर बधाई दी। इस अवसर पर देशभर से शुभकामनाओं का सिलसिला जारी है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, कई केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर उन्हें बधाई दी।
पीएम मोदी ने की MSME क्षेत्र के प्रति समर्पण की तारीफ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा, “केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी जी को उनके जन्मदिन पर बधाई। सार्वजनिक जीवन में अपने लंबे समय के दौरान, उन्होंने हमेशा गरीबों और वंचितों को सशक्त बनाने के लिए काम किया है। वे MSME सेक्टर को गति देने में सबसे आगे रहे हैं, जिसकी भारत को समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका है। उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।”
लोकसभा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्रियों ने दी हार्दिक शुभकामनाएं
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा, “केन्द्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना करता हूं।”
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने लिखा, “केंद्रीय कैबिनेट में मेरे साथी जीतन राम मांझी आपको जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और मंगलमय जीवन की प्रार्थना करता हूं।”
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने पोस्ट किया, “केंद्रीय मंत्रिमंडल में वरिष्ठ सहयोगी जीतन राम मांझी, आपको जन्मदिन की आत्मीय बधाई एवं शुभकामनाएं! देवाधिदेव महादेव से आपके उत्तम स्वास्थ्य, सुदीर्घ और सुखमय जीवन की कामना करता हूं।”
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भी शुभकामनाएं देते हुए लिखा, “केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं।”
मुख्यमंत्रियों और अन्य नेताओं ने भी दी बधाई
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी जीतन राम मांझी जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विशेष रूप से उनके वंचितों और श्रमिक वर्ग के कल्याण के प्रति समर्पण का जिक्र करते हुए लिखा, “वंचितों और श्रमिक वर्ग के कल्याण के लिए आपका दीर्घ सार्वजनिक जीवन समर्पित रहा है। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु जीवन और निरंतर लोकसेवा की कामना करती हूं।”
बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी, बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी मांझी जी को शुभकामनाएं देते हुए उनके जनसेवा और समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के प्रति समर्पण की सराहना की। जीतन राम मांझी लंबे समय से सार्वजनिक जीवन में सक्रिय हैं। उन्होंने गरीबों और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के साथ-साथ MSME क्षेत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके जन्मदिन पर मिली इन शुभकामनाओं से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में उनकी लोकप्रियता एक बार फिर उजागर हुई है। (इनपुट-एजेंसी)


