प्रधानमंत्री मोदी आज शाम 5 बजे राष्ट्र को करेंगे संबोधित, जीएसटी सुधारों पर हो सकती है चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रविवार शाम 5 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे। यह संबोधन ऐसे समय पर हो रहा है जब देश में वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) की नई दरें कल यानी 22 सितंबर से लागू होने जा रही हैं। हालांकि प्रधानमंत्री किस विषय पर बोलेंगे, यह स्पष्ट नहीं किया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि वे जीएसटी 2.0 सुधारों पर विस्तार से बता सकते हैं। संभावना यह भी है कि प्रधानमंत्री ‘स्वदेशी’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को दोहराएं। साथ ही, अमेरिका में एच-1बी वीजा धारकों पर हाल में हुई कार्रवाई, जिससे बड़ी संख्या में भारतीय पेशेवर प्रभावित हुए हैं, उस पर भी वे अपने विचार रख सकते हैं।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने 15 अगस्त को लाल किले से राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा था कि सरकार नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी रिफॉर्म्स लाने जा रही है, जो दिवाली से पहले जनता के लिए तोहफा साबित होंगे। उन्होंने कहा था कि साधारण लोगों की जरूरत की चीजों पर टैक्स कम किए जाएंगे और टैक्स व्यवस्था को और सरल बनाया जाएगा। सरकार ने कमेटी के जरिए जीएसटी की समीक्षा की और राज्यों से विचार-विमर्श करने के बाद 3 सितंबर को दिल्ली में हुई 56वीं जीएसटी परिषद बैठक में दरों में बदलाव का फैसला लिया।

नए फैसलों के मुताबिक, आम लोगों की जरूरत की कई चीजों जैसे हेयर ऑयल, साबुन, शैंपू, टूथब्रश, टूथपेस्ट, साइकिल, किचन के सामान आदि पर जीएसटी को 18 या 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया। वहीं, यूएचटी दूध, पहले से पैक और लेबल वाला छेना या पनीर पर जीएसटी 5 प्रतिशत से घटाकर शून्य कर दिया गया है। चपाती और पराठा जैसे भारतीय ब्रेड पर भी टैक्स पूरी तरह हटा दिया गया है। कृषि वस्तुएं, श्रम-आधारित सामान, दवाएं, कई मेडिकल उपकरण, नवीकरणीय ऊर्जा उपकरण, मानव निर्मित कपड़े और लगभग सभी खाद्य पदार्थों पर अब 5 प्रतिशत जीएसटी लगेगा।

दूसरी ओर, एसी, डिशवॉशिंग मशीन, छोटी कारें और 350 सीसी या उससे कम क्षमता वाली मोटरसाइकिल पर जीएसटी 18 प्रतिशत तय किया गया है। बस, ट्रक, एंबुलेंस और ऑटो कलपुर्जों पर भी टैक्स घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है। आज शाम प्रधानमंत्री मोदी के भाषण में इन सभी सुधारों पर विस्तार से चर्चा हो सकती है, जिसे लेकर लोगों और कारोबारियों में उत्सुकता है।-(IANS)

RELATED ARTICLES

19 mins ago | banking sector

सरकार ने आईडीबीआई बैंक के रणनीतिक पुनर्गठन को दी मंजूरी

आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने आईडीबीआई बैंक लिमिटेड के रणनीतिक पुनर्गठन को म...

51 mins ago | Anita Anand

प्रधानमंत्री मोदी से मिलीं कनाडाई विदेश मंत्री अनीता आनंद, व्यापार-तकनीक समेत कई मुद्दों पर चर्चा

कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरा...