पीएम मोदी 2 सितंबर को ‘सेमीकॉन इंडिया-2025’ का करेंगे उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को नई दिल्ली स्थित यशोभूमि में भारत के सेमीकंडक्टर पारिस्थितिकी तंत्र को गति देने के उद्देश्य से आयोजित ‘सेमीकॉन इंडिया – 2025’ का उद्घाटन करेंगे। 2 से 4 सितंबर तक चलने वाला यह तीन दिवसीय सम्मेलन भारत में एक मजबूत, लचीले और टिकाऊ सेमीकंडक्टर पारिस्थितिकी तंत्र को आगे बढ़ाने पर केंद्रित होगा।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सोमवार को एक बयान जारी इसकी जानकारी दी है। पीएम मोदी 2 सितंबर को सुबह लगभग 10 बजे यशोभूमि में ‘सेमीकॉन इंडिया – 2025’ का उद्घाटन करेंगे। वह 3 सितंबर को सुबह लगभग 9:30 बजे सीईओ गोलमेज सम्मेलन में भी भाग लेंगे।

इसमें सेमीकॉन इंडिया कार्यक्रम की प्रगति, सेमीकंडक्टर फैब और उन्नत पैकेजिंग परियोजनाएं, बुनियादी ढांचे की तैयारी, स्मार्ट विनिर्माण, अनुसंधान एवं विकास और कृत्रिम बुद्धिमत्ता में नवाचार, निवेश के अवसर, राज्य स्तरीय नीति कार्यान्वयन आदि पर सत्र होंगे।

इसके अतिरिक्त, कार्यक्रम में डिजाइन लिंक्ड इंसेंटिव (डीएलआई) योजना के तहत पहल, स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र के विकास, अंतर्राष्ट्रीय सहयोग और भारत के सेमीकंडक्टर क्षेत्र के लिए भविष्य के रोडमैप पर प्रकाश डाला जाएगा।

इसमें 20,750 से ज्यादा प्रतिभागी भाग लेंगे, जिनमें 48 से ज्यादा देशों के 2,500 से ज्यादा प्रतिनिधि, 50 से ज्यादा वैश्विक नेताओं सहित 150 से ज्यादा वक्ता और 350 से ज्यादा प्रदर्शक शामिल होंगे।