11/07/24 | 11:09 am | Austria Visit | PM Modi

Print

पीएम मोदी का ऑस्ट्रिया का दौरा, रणनीतिक साझेदारी और द्विपक्षीय संबंधों पर जोर

पीएम मोदी ऑस्ट्रिया का सफल दौरा समाप्त कर आज गुरुवार सुबह नई दिल्ली लौट आए। पीएम ने ऑस्ट्रियाई दौरे को “ऐतिहासिक” और “बेहद उपयोगी” बताया। अपनी यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने ऑस्ट्रियाई चांसलर कार्ल नेहमर के साथ द्विपक्षीय चर्चा की, जिसमें साझा मूल्यों, लोकतांत्रिक सिद्धांतों और नियम-आधारित अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था पर जोर दिया गया।

यात्रा के दौरान, पीएम मोदी ने वियना में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया इसमें एक सामुदायिक कार्यक्रम भी शामिल था, जहां पीएम का भारतीय प्रवासियों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। ऑस्ट्रियाई चांसलर ने आयोजन में शामिल विदेश मंत्रालय, संघीय सेना, पुलिस और प्रोटोकॉल अधिकारियों सहित कई व्यक्तियों का धन्यवाद दिया। गौरतलब है कि 41 साल के लंबे अंतराल के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने सफल राजकीय यात्रा की है जो भारत और ऑस्ट्रिया के बीच राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर हुई।

कौशल विकास और द्विपक्षीय प्रवासन पर सहयोग पर जताई सहमति

यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और चांसलर नेहमर ने सांस्कृतिक आदान-प्रदान,पर्यटन, कौशल विकास और कुशल कर्मियों की गतिशीलता सहित सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों पर चर्चा की। उन्होंने द्विपक्षीय प्रवासन (माइग्रेशन) और गतिशीलता समझौते के क्रियान्वयन का स्वागत किया। वाणिज्य और ऊर्जा प्रवाह को बढ़ाने के लिए भारत-मध्य पूर्व-यूरोप कॉरिडोर (IMEC) का शुरुआत करने पर सहमति बनी। इसके साथ ही हरित और डिजिटल प्रौद्योगिकियों, बुनियादी ढांचे, ऊर्जा, एक स्वतंत्र, खुले और नियम-आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति प्रतिबद्धता जताई गई। इसके साथ ही यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान, सभी प्रकार के आतंकवाद की निंदा, तथा आतंकवादी समूहों के विरुद्ध ठोस कार्रवाई पर दोनों देशों ने अपनी सहमति व्यक्त की।

UNSC में सुधार के लिए दोनों देशों करेंगे एक-दूसरे का सहयोग

बहुपक्षवाद पर सहयोग के लिए संयुक्त राष्ट्र में सुधार की मांग की गई जिसमें ऑस्ट्रिया की UNSC उम्मीदवारी के लिए भारत का समर्थन और भारत की उम्मीदवारी के लिए ऑस्ट्रिया का समर्थन शामिल है। दोनों नेताओं ने ऑस्ट्रियाई लोगों के बीच योग और आयुर्वेद में बढ़ती रुचि को भी खुशी जताई। पीएम मोदी ने द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ावा देने और सहयोग के नए रास्ते तलाशने के लिए संघीय राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वान डेर बेलन और चांसलर नेहमर सहित ऑस्ट्रियाई नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठकें कीं। पीएम मोदी ने दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने के लिए व्यापारिक नेताओं से मुलाकत भी की।

ऑस्ट्रिया की अपनी यात्रा से पहले, पीएम मोदी मास्को की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर थे, जहां उन्होंने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के बीच नौ विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग पर सहमति बनी , 2030 तक दोनों देशों के बीच सौ बिलियन डाॅलर का व्यापरिक लक्ष्य भी रखा गया। इसके साथ ही रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पीएम मोदी को सर्वोच्च नागरिक सम्मान ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल द फर्स्ट-कॉल्ड से सम्मानित किया।

RELATED ARTICLES

2 hours ago | Girmitiya Labourers

गिरमिटिया मजदूरों की संघर्षगाथा : उम्मीद, धोखे, अस्मिता और हौसले की अनकही दास्तान

इतिहास के कुछ पन्ने जहां मन को भावुक कर जाते हैं, वहीं दूसरी ओर इंसान के अदम्य संघर्ष और हौसले पर ...

3 hours ago | Donald Trump

कंसास में ट्रंप ने खत्म किया मिडटर्म चुनाव प्रचार, बोले- अमेरिका जब चाहे ईरान को रोक सकता है

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कंसास के सलीना में चुनावी रैली के साथ अपने मिडटर्म चुनाव प...