राष्ट्रपति मुर्मु ने एशियाई खेलों में भारतीय महिला ट्रैप टीम को सिल्वर मेडल जीतने पर दी बधाई

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार को भारतीय निशानेबाजों नीरू ढांडा, आशीमा अहलावत और मनीषा कीर को एशियाई खेलों में महिला ट्रैप टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने पर बधाई दी। राष्ट्रपति मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, “एशियाई खेलों में महिला ट्रैप टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने पर नीरू ढांडा, आशीमा अहलावत और मनीषा कीर को बहुत-बहुत बधाई। आपकी सटीकता और एकाग्रता ने आपको यह सफलता दिलाई है। उम्मीद है कि आप भविष्य में भी कई और यादगार उपलब्धियां हासिल करती रहेंगी।”

नीरू का शानदार प्रदर्शन

भारतीय तिकड़ी ने कुल 328 अंकों के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया। वे कुवैत से तीन अंक आगे रहीं, जिसने 325 अंकों के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता। चीन ने 346 अंकों के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया। नीरू ढांडा 125 में से 118 अंकों के साथ भारत की ओर से सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ी रहीं। आशीमा अहलावत ने 106 और मनीषा कीर ने 104 अंक हासिल किए। नीरू व्यक्तिगत क्वालीफाइंग राउंड में कतर की रे बासिल के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर रहीं और मंगलवार को बाद में व्यक्तिगत फाइनल में हिस्सा लेंगी।

भारत का पदक तालिका में 12वां स्थान

इस सिल्वर मेडल के साथ एशियाई खेलों में भारत के कुल पदकों की संख्या बढ़कर 46 हो गई है। देश चार गोल्ड, 21 सिल्वर और 21 ब्रॉन्ज के साथ पदक तालिका में 12वें स्थान पर है। 

स्क्वैश, तीरंदाजी और अन्य खेलों में भी भारत की अच्छी प्रगति

भारत ने अपने आखिरी ग्रुप मैच में ईरान को 3-0 से हराकर महिला स्क्वैश टीम इवेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। 10वें दिन के अन्य नतीजों में भारतीय तीरंदाज धीरज बोम्मादेवरा और नीरज चौहान पुरुषों के रिकर्व व्यक्तिगत क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए। धीरज ने चीनी ताइपे के चेंग ह्सियांग-हुई को 6-2 से हराया, जबकि नीरज ने दक्षिण कोरिया के ओलंपिक पदक विजेता किम जे-देओक को 6-4 से मात दी। पुरुषों के शॉर्टबोर्ड क्वार्टर फाइनल में फिलीपींस के टोबी एस्पेजोन से 5.37-8.53 से हारने के बाद किशोर कुमार अनबारासु का सर्फिंग अभियान खत्म हो गया। पुरुषों के ट्रैप इवेंट में शपथ भारद्वाज, क्यनन चेनाई और अहवर रिज़वी की टीम छठे स्थान पर रही, जबकि शपथ ने व्यक्तिगत फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। कैनो स्लैलम में भी भारतीय खिलाड़ियों ने अच्छी प्रगति की। शिखा चौहान, हितेश केवट, प्रद्युम्न सिंह राठौड़, पल्लवी जगताप और रीना सेन अपने-अपने सेमीफाइनल में पहुंच गईं। (इनपुट-एजेंसी)

RELATED ARTICLES

2 hours ago

Asian Para Games: पीएम मोदी ने एशियन पैरा गेम्स के पदक विजेताओं को सराहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को 'एशियन पैरा गेम्स 2026' में पदक जीतने वाले भारतीय एथलीट्स ...

8 hours ago

Asian Para Games: महिलाओं की 400 मीटर टी47 स्पर्धा में गोल्ड के साथ सिल्वर, टी12 में तेजलबेन का ब्रॉन्ज

भारत ने एशियन गेम्स 2026 में गुरुवार को महिलाओं की 400 मीटर टी47 स्पर्धा में दो मेडल हासिल किए। अंजाना...