प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हरियाणा में नगर निगम और निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की शानदार जीत पर पार्टी कार्यकर्ताओं और राज्य की जनता का आभार व्यक्त किया है। राज्य में विभिन्न नगर निगम और निकायों के चुनाव परिणामों की मतगणना जारी है, जिसमें कई स्थानों पर भाजपा उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है।
प्रधानमंत्री ने जताया जनता का आभार
नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि हरियाणा के नगर निगम चुनावों में भाजपा की शानदार जीत के लिए वह राज्य में अपने परिवारजनों के प्रति गहरा आभार व्यक्त करते हैं।
उन्होंने कहा कि इस जीत ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि जनता का भाजपा-एनडीए सरकार की विकास और सुशासन आधारित नीतियों पर अटूट विश्वास है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह जनादेश हरियाणा की ‘डबल इंजन सरकार’ पर जनता के भरोसे का भी प्रतीक है।
पार्टी कार्यकर्ताओं को दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि पार्टी की इस जीत में कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
कई निकायों में भाजपा की जीत
नगर निगम चुनावों के तहत पंचकूला, अंबाला, सोनीपत, सांपला, धारूहेड़ा और रेवाड़ी में भाजपा उम्मीदवारों ने जीत हासिल की। वहीं उकलाना नगर पालिका में निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहीं।
श्यामलाल बंसल ने पंचकूला नगर निगम में जीत दर्ज की। अंबाला नगर निगम में अक्षिता सैनी विजयी रहीं, जबकि सोनीपत नगर निगम में राजीव जैन ने जीत हासिल की।
इसके अलावा सांपला नगर पालिका में प्रवीण कोच, धारूहेड़ा नगर पालिका में अजय जांगड़ा और रेवाड़ी नगर परिषद में विनीता पीपल विजयी रहीं। वहीं उकलाना नगर पालिका में निर्दलीय उम्मीदवार रीमा सोनी ने जीत दर्ज की। (इनपुट: आईएएनएस)


