प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री शाह ने सुशील मोदी के निधन पर जताया शोक

बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी के निधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शोक व्यक्त किया है। पीएम मोदी के अलावा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत अन्य केंद्रीय मंत्रियों एवं बिहार के तमाम नेताओं ने शोक संवेदन प्रकट की है। बिहार भाजपा के दिग्गज नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी का सोमवार (13 मई) की शाम दिल्ली में निधन हो गया। वह पिछले कई महीनों से कैंसर से पीड़ित थे। उन्होंने दिल्ली के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। परिजनों के मुताबिक, उनका पार्थिव शरीर आज (मंगलवार) को पटना के राजेंद्र नगर स्थित उनके आवास पर लाया जाएगा और कल उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर अपने साथ एक पुरानी तस्वीर को साझा करते हुए लिखा कि पार्टी में अपने मूल्यवान सहयोगी और दशकों से मेरे मित्र रहे सुशील मोदी जी के असामयिक निधन से अत्यंत दुख हुआ है। बिहार में भाजपा के उत्थान और उसकी सफलताओं के पीछे उनका अमूल्य योगदान रहा है। आपातकाल का पुरजोर विरोध करते हुए, उन्होंने छात्र राजनीति से अपनी एक अलग पहचान बनाई थी। वे बेहद मेहनती और मिलनसार विधायक के रूप में जाने जाते थे। राजनीति से जुड़े विषयों को लेकर उनकी समझ बहुत गहरी थी। उन्होंने एक प्रशासक के तौर पर भी काफी सराहनीय कार्य किए। जीएसटी पारित होने में उनकी सक्रिय भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। ओम शांति!

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने लिखा कि हमारे वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी जी के निधन की सूचना से आहत हूं। आज बिहार ने राजनीति के एक महान पुरोधा को हमेशा के लिए खो दिया। एबीवीपी से भाजपा तक सुशील जी ने संगठन व सरकार में कई महत्त्वपूर्ण पदों को सुशोभित किया। उनकी राजनीति गरीबों व पिछड़ों के हितों के लिए समर्पित रही। उनके निधन से बिहार की राजनीति में जो शून्यता उभरी है, उसे लंबे समय तक भरा नहीं जा सकता। दुख की इस घड़ी में पूरी भाजपा उनके शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शोक संदेश में लिखा, बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री, भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य सुशील कुमार मोदी के देवलोकगमन की दुखद सूचना प्राप्त हुई। प्रभु श्रीराम से पुण्यात्मा की शांति एवं शोकसंतप्त परिजनों को दुख की इस घड़ी में संबल प्रदान करे। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने लिखा कि हमारे परिवार के वरिष्ठ सदस्य सुशील मोदी जी का निधन हम सभी के लिए बड़े सदमे से कम नहीं। बिहार भाजपा और बिहार को आगे बढ़ाने में उनके योगदान को भाजपा और बिहार कभी नहीं भूलेगा।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने लिखा कि बिहार में संगठन को मजबूती प्रदान करने वाले भाजपा के कर्मठ नेता व पूर्व उप-मुख्यमंत्री सुशील मोदी जी के निधन का समाचार सुनकर स्तब्ध हूं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति एवं परिजनों और प्रशंसकों को संबल प्रदान करें। भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने एक्स पर लिखा, “बिहार और भाजपा के कद्दावर नेता, पूर्व उपमुख्यमंत्री और मेरे स्नेहिल बड़े भाई सुशील मोदी का निधन बहुत ही दुखद है। भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने और भाजपा के विस्तार में उनकी बहुत बड़ी भूमिका थी। उनका असमय निधन से मैं बहुत मर्माहत हूं। यह उनके जाने का समय नहीं था।”

 

RELATED ARTICLES

35 mins ago | banking sector

सरकार ने आईडीबीआई बैंक के रणनीतिक पुनर्गठन को दी मंजूरी

आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने आईडीबीआई बैंक लिमिटेड के रणनीतिक पुनर्गठन को म...

1 hour ago | Anita Anand

प्रधानमंत्री मोदी से मिलीं कनाडाई विदेश मंत्री अनीता आनंद, व्यापार-तकनीक समेत कई मुद्दों पर चर्चा

कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरा...