एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने मंगलवार को ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 147 रनों से हराकर गोल्ड मेडल जीत लिया। इस जीत के साथ भारत को टूर्नामेंट का अपना पहला स्वर्ण पदक मिला। इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन (IOA) की प्रेसिडेंट पीटी उषा ने इस उपलब्धि पर अपनी खुशी व्यक्त की।
पीटी उषा का प्रतिक्रिया
पीटी उषा ने कहा, “गोल्ड मेडल देखकर मुझे बहुत खुशी हो रही है। मुझे भारतीय महिला टीम की जीत का भरोसा था। मैं जापान की कोऑर्डिनेशन कमिटी में शामिल थी और मैंने ही पुरुष व महिला क्रिकेट को एशियन गेम्स में शामिल करवाने का अनुरोध किया था। बस उन्हें गोल्ड जीतते हुए देखना चाहती थी।”
इसी के साथ उन्होंने शूटर्स पर भी भरोसा जताया। पीटी उषा ने कहा, “पिछले दो दिनों में शूटर्स ने अच्छा प्रदर्शन किया है। गोल्ड छूटने पर थोड़ी निराशा जरूर हुई, लेकिन मुझे पूरा यकीन है कि वे जरूर गोल्ड मेडल जीतेंगे। हमें धैर्य रखना चाहिए। गेम्स अभी 3 अक्टूबर को खत्म होंगे।”
खेल मंत्री ने दी बधाई
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने भी महिला टीम को बधाई देते हुए एक्स पर लिखा, “AsianGames2026 में ‘वुमन इन ब्लू’ ने गोल्ड जीता! महिला T20 क्रिकेट फाइनल में गोल्ड मेडल जीतने पर हमारी चैंपियंस को बहुत-बहुत बधाई। यह पूरे देश के लिए गर्व का पल है।”
फाइनल में कैसे हुआ दमदार प्रदर्शन?
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 216/3 का विशाल स्कोर खड़ा किया।
– स्मृति मंधाना ने 45 गेंदों में 79 रन (5 चौके, 7 छक्के) बनाए। यह उनकी टी20 इंटरनेशनल में 37वीं हाफ-सेंचुरी थी।
– शैफाली वर्मा ने 29 गेंदों में तेजतर्रार 48 रन बनाए।
– ऋचा घोष ने 22 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाकर पारी को रफ्तार दी।
स्मृति मंधाना इंटरनेशनल क्रिकेट में 11,000 रन बनाने वाली पहली महिला क्रिकेटर भी बन गईं। जवाब में भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंकाई टीम को सिर्फ 15.4 ओवर में 69 रन पर समेट दिया।
– दीप्ति शर्मा ने 3/6 के शानदार आंकड़े दर्ज किए।
– शैफाली वर्मा, श्रेयांका पाटिल और श्री चरणी ने दो-दो विकेट लिए।
भारत का मेडल टैली
इस गोल्ड के साथ भारत के कुल पदकों की संख्या सात हो गई है – 1 गोल्ड, 4 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज। इससे पहले शूटिंग में हिमांशु ढिल्लों, रुद्राक्ष पाटिल और पार्थ माने ने टीम सिल्वर जीता था, जबकि सुचिका तारियाल ने MMA में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया था। महिला क्रिकेट टीम ने 2023 हांग्जो एशियन गेम्स के बाद लगातार दूसरी बार यह खिताब अपने नाम कर लिया है। (इनपुट-एजेंसी)


