राजनाथ सिंह ने चीन, लाओस और मलेशिया के रक्षा मंत्रियों के साथ की द्विपक्षीय वार्ता, रक्षा सहयोग बढ़ाने पर जोर

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज बुधवार को चीन, लाओस और मलेशिया के अपने समकक्षों के साथ द्विपक्षीय चर्चा की। ये बैठकें लाओस की राजधानी वियनतियाने में आयोजित 11वें आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक-प्लस के दौरान हुईं। बैठक का मुख्य उद्देश्य रक्षा सहयोग को मजबूत करना और क्षेत्रीय सुरक्षा चिंताओं पर चर्चा करना था।

हाल ही में हुए सीमा विवाद समाधान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में बैठक के बाद पहली बार दोनों देशों की रक्षा मंत्रियों की बैठक हुई। वार्ता के दौरान सिंह ने भारत और चीन के बीच सौहार्दपूर्ण संबंधों की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के सहयोग से वैश्विक शांति और समृद्धि को बढ़ावा मिलेगा। राजनाथ सिंह ने 2020 में हुए सीमा विवाद से सीख लेते हुए संघर्ष के बजाय सहयोग पर ध्यान देने की बात कही।

रक्षामंत्री ने भारत और चीन के बीच भरोसा और विश्वास निर्माण के उपायों पर भी जोर दिया ताकि सीमा पर शांति व स्थिरता बनी रहे जिससे फिर से ऐसी घटनाएं न हों। दोनों पक्षों ने आपसी विश्वास को मजबूत करने और समझ विकसित करने के लिए एक रोडमैप तैयार करने पर सहमति जताई।

रक्षामंत्री ने भारत और लाओस के बीच रक्षा सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया

लाओस के रक्षा मंत्री जनरल चंसामोन चन्यालाथ के साथ एक अन्य बैठक में राजनाथ सिंह ने द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। उन्होंने लाओस के रक्षामंत्री को फरवरी 2025 में बेंगलुरु में होने वाले एयरो इंडिया 2025 में आमंत्रित किया और भारत और लाओस के बीच रक्षा उद्योग सहयोग को बढ़ाने की संभावनाओं पर जोर दिया।

वहीं मलेशिया के रक्षामंत्री दातो सेरी मोहम्मद खालिद बिन नोरदिन के साथ चर्चा में राजनाथ सिंह ने भारत और मलेशिया के बीच रक्षा संबंधों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। राजनाथ सिंह ने अपने मलेशियाई समकक्ष के साथ बातचीत को सार्थक बताया और दोनों देशों के बीच साझेदारी को और प्रगाढ़ करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

दिल्ली से रवाना होने से पहले राजनाथ सिंह ने ADMM-Plus में भाग लेने और क्षेत्रीय व अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मुद्दों पर चर्चा की उम्मीद जताई थी। ADMM-Plus आसियान देशों और भारत, चीन, अमेरिका जैसे आठ प्रमुख भागीदार देशों को साथ लाकर समुद्री सुरक्षा और आपदा प्रबंधन जैसे मुद्दों पर चर्चा करने का मंच प्रदान करता है।

आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक-प्लस आसियान क्षेत्र में सबसे उच्च रक्षा सलाहकारी तंत्र है। इस साल की उच्च स्तरीय बैठक जिसकी मेजबानी लाओस कर रहा है ADMM-Plus का 11वां संस्करण है। 2010 में अपनी शुरुआत के बाद से, यह मंच आसियान सदस्य देशों और उनके सहयोगी देशों के बीच रक्षा और सुरक्षा सहयोग को बढ़ावा देने का प्रमुख मंच बन गया है। यह उच्च स्तरीय बैठक जो 20 से 22 नवंबर तक चलेगी, क्षेत्रीय सुरक्षा संबंधों को मजबूत करने और सहभागी देशों के बीच सहयोग बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है।

RELATED ARTICLES

08/10/26 | 9:47 am | IAF History and Achievements

आकाश के प्रहरी : भारतीय वायु सेना की शौर्य, सामर्थ्य और आत्मनिर्भरता की गौरव गाथा

आकाश की कोई सीमा नहीं होती, लेकिन राष्ट्र की संप्रभुता की रक्षा के लिए आकाश की निगरानी और नियंत्...

01/10/26 | 2:58 pm | AI and Quantum Technology

ऊर्जा सुरक्षा में नौसेना की अहम भूमिका, चिप उत्पादन में आत्मनिर्भरता पर फोकस : जितिन प्रसाद

नई दिल्ली में नौसेना की कमांडर्स कॉन्फ्रेंस चल रही है। यह नौसेना का सर्वोच्च स्तर का प्लेटफार्...

22/09/26 | 5:23 pm | Indian Air Force

Tarang Shakti 2026 : जोधपुर के आसमान में गरजेंगे अमेरिकी F-35, पहली बार फिफ्थ जेनरेशन के फाइटर जेट की एंट्री

भारतीय वायुसेना के साल के सबसे बड़े मल्टीनेशनल अभ्यास ‘तरंग शक्ति 2.0’ की तैयारियां पूरी हो चुकी...